नन्हां मुन्ना राही हूं, देश का सिपाही हूं, बोलो मेरे संग जय हिंद... स्कूल में भले ही ये गाना खास मौकों पर गाया जाता हो, लेकिन कोरोना पॉजिटिव होने के बाद होम आइसोलेशन में रह रहे बच्चों में से कुछ बच्चे एेसे ही देशभक्ति गाने टीम को सुनाकर कोरोना से जंग जीत रहे हैं।
प्रवेंद्र तोमर/भोपाल. होम आइसोलेशन में रह रहे 3 से 12 वर्ष के 15 बच्चों का इलाज डॉ. सुनिधी मेहरा और अनीता सोनी सहित दस एक्सपर्ट की टीम कर रही है। डॉक्टर बच्चों का स्वास्थ्य पता करने के लिए माता-पिता के फोन पर वीडियो कॉल कर बात करते हैं। अरेरा कॉलोनी निवासी एक उद्योगपति की छह साल की बेटी के कमरे तक पिता फोन लेकर गए तो बच्ची ने हंसते हुए गेट खोला। कोरोना से जूझ रही मासूम के चेहरे पर हंसी देखकर एक बार पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक आए। बच्ची से बात के बाद उद्योगपति पिता ने इस खुशी के लिए टीम को धन्यवाद भी दिया।
अभिभावकों को ध्यान देना होगा
ये बच्चे आज कोरोना से जंग लड़ रहे हैं, लेकिन इसके लिए कहीं न कहीं माता-पिता या अन्य करीबी कारण जिम्मेदार हैं। माता-पिता उन लापरवाहियों पर ध्यान दें और एेसी गलती न करें जिससे वे या बच्चे संकट में घिरें। बाजार जाते समय मास्क और सोशल डिस्टेंस का पालन अवश्य करें।
गाने सुनाती है अद्विविका, डॉक्टरों से करती है खूब बात
बरखेड़ा निवासी 5 वर्षीय अद्विविका माता-पिता के संपर्क में आकर पॉजिटिव हो गई। होम आइसोलेशन में बच्ची का इलाज कर रहीं डॉक्टर को लगा बच्ची की कैसे देखरेख करेंगे। दूसरे दिन अद्विविका गाना गुनगुना रही थी। डॉक्टर ने उनसे पूछा कि गाना गाती हो, उसने कहा हां, इसके बाद डॉक्टर और अद्विविका की दोस्ती और गहरी हो गई। डॉक्टर गानों की बात करते हुए स्वास्थ्य की जानकारी भी लेती हैं।
पेंटिंग का शौक पूरा करते हुए कोरोना से लड़ रहा जंग
कोटरा सुल्तानाबाद निवासी तनु की उम्र 11 साल है। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद एक-दो दिन तो वह सुस्त रही, लेकिन टीम ने उससे बात करना शुरू की तो उसने बताया कि उसे नेचर से प्यार है और वह पेंटिंग बनाती है। उसने कुछ पेंटिंग्स डॉक्टर को दिखाईं। डॉक्टरों ने उसकी तारीफ की तो तनु खुश हुई। उसने और अच्छी पेंटिंग बनाना शुरू कर दिया। इससे उसकी रिकवरी और तेज हो रही है।
होम आइसोलेशन में रहे बच्चों का इलाज टीम कर रही है, ये बच्चे हंसते-खेलते कोरोना से जीत रहे हैं। जल्दी ही ठीक हो जाएंगे। मेरी लोगों से अपील है कि वे अपने साथ बच्चों का ध्यान रखें, भीड़ से दूरी बनाएं।
- डॉ. संगीता टांक, प्रभारी, कोरोना कंट्रोल रूम