
नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर जहां एक तरफ सभी पार्टियां अभी से तैयारी कर रही हैं तो वहीं अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भी कहां पीछे रहने वाली है। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दिल्लीवासियों से ये अपील की है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में सिर्फ आम आदमी पार्टी को ही वोट दें और इसके लिए उन्होंने दिल्ली का जनता के सामने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को रखा है।
केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को गिनाई अपनी उपलब्धियां
केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली के विकास के लिए आम आदमी पार्टी के हाथ मजबूत कीजिए। आम आदमी पार्टी मजबूत होगी तो आप मजबूत होंगे। उन्होंने लिखा कि दिल्ली में सब लोग कह रहे हैं कि केजरीवाल ने बहुत अच्छा काम किया है और हम केजरीवाल को ही वोट देंगे। पर कुछ लोग पूछते हैं कि 2019 लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को वोट क्यों दें? अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में 2015 से लेकर अभी तक के अपने कामकाज को पेश किया है। उन्होंने कहा, '2014 में दिल्ली ने बीजेपी के 7 सांसद चुने। 2015 में आप को जिताया। अब बताओं, इनमें से किसने काम किया? केजरीवाल ने या 7 सांसदों ने?'
सीएम ने गिनाई ये उपलब्धियां
केजरीवाल ने ट्वीट के जरिए सस्ती बिजली, मुफ्त पानी और सरकारी स्कूल में की गई व्यवस्था जैसे कामकाज दिल्लीवासियों के सामने रखे हैं। अपने ट्वीट में केजरीवाल ने कहा है कि हमने प्राइवेट स्कूलों की फीस नहीं बढ़ने दी, बढ़िया मोहल्ला क्लिनिक बनाए, दवा और इलाज मुफ्त किया और भी ढेरों काम किए।
कांग्रेस और बीजेपी पर साधा निशाना
वहीं बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी के सांसदों ने एक काम किया हो तो बताओ। उन्होंने बीजेपी पर काम में उपराज्यपाल के माध्यम से अड़चन लगाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर ये सांसद आप के होते तो काम और भी तेजी से होता। केजरीवाल ने आगे अपील की कि इस बार गलती मत करना। 2019 में सातों सीटें आम आदमी पार्टी को देना। केजरीवाल के हाथ मजबूत करो। केजरीवाल ने यहां कांग्रेस का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट देना बेकार है। वो आप के वोट काटती है।