राजनीति

‘न्‍याय’ पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान- महिलाओं के खाते में जाएंगे 72 हजार, पीएम मोदी को आपत्ति क्‍यों?

न्‍याय योजना टॉप अप स्‍कीम नहीं गरीबी को खत्‍म करने में मिलेगी मदद इस स्‍कीम के पक्ष में नहीं है भाजपा  
2 min read
रणदीप सिंह सुरजेवाला (फाइल फोटो)
रणदीप सिंह सुरजेवाला (फाइल फोटो)

नई दिल्‍ली। कांग्रेस के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि न्यूनतम आय योजना (न्याय) के तहत 72 हजार रुपए केवल महिलाओं के खाते में जाएंगे। इस योजना के तहत देश के सबसे गरीब 5 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा यानी करीब 25 करोड़ लोगों को इससे लाभ होगा।

सुरजेवाला ने बताया कि यह कोई टॉप अप स्कीम नहीं है। इसके तहत सिर्फ महिलाओं के खाते में ही पैसे जाएंगे। बता दें कि कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को इस योजना की घोषणा कर भाजपा को सकते में ला दिया है।

शहर से गांव तक के गरीबों को मिलेगा लाभ

सुरजेवाला ने बताया कि शहर और गांव दोनों के गरीबों को इस योजना का लाभ मिलेगा। कांग्रेस सरकारों ने पहले भी गरीबी को कम करने काम किया है। अभी देश में 22 फीसदी गरीबी है। इस योजना से गरीबी भी खत्म होगी।

पीएम को बताया पाखंडी

कांग्रेस प्रवक्‍ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए उन्‍हें पाखंडी करार दिया। उन्‍होंने कहा कि भाजपा आज इस स्कीम का विरोध कर रही है। जबकि पाखंडी नरेंद्र मोदी अमीरों का कर्ज तो माफ कर रहे हैं लेकिन गरीबों को फायदा पहुंचाने वाली इस स्कीम का विरोध कर रहे हैं।

सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी खुद 10 लाख का सूट पहनते हैं, लेकिन उन्हें गरीबों की मदद करने वाली योजना से दिक्कत है। आखिर पीएम को इस योजना पर आपत्ति क्‍यों है?

क्या कहा था राहुल गांधी ने

सोमवार को राहुल गांधी ने कहा, "मैं यहां से वादा कर रहा हूं कि 'न्याय' होगा।" न्यूनतम आय गारंटी योजना के अंतर्गत यह पैसा देश के 20 प्रतिशत सबसे गरीब परिवारों को मिलेगा।

उन्‍होंने कहा कि मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में देश की जनता को बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। हमारी सरकार लोगों को मुश्किलाेें से बाहर निकालने का काम करेगी। मोदी सरकार अमीरों को पैसा देती है हम गरीबों को देंगे।

जीत के लिए सबकुछ जायज
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 की लड़ाई रोमांचक मोड़ पर आ चुकी है। राजनीतिक दल अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए हर दावं खेल रहे हैं। अब नया दावं कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने चला है। उनका वादा है कि चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनी तो वह देश की 20 फीसदी गरीब जनता को 72,000 रुपए सालाना देने का काम करेगी।

Updated on:
26 Mar 2019 02:28 pm
Published on:
26 Mar 2019 11:39 am