
Uttar Pradesh Assembly Elections 2022 पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी सहित पूर्वांचल के सभी 9 जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राहुल गांधी के अलावा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने भी धुआधार चुनाव प्रचार किया। आज मतदान शुरू होने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मतदाताओं को ट्वीट संदेश दिया है। जिसमें उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान करने से पहले अपने भविष्य के बारे में भी ध्यान रखें।
अपने ट्वीट में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के मेरे प्यारे बहनों और भाइयों आज अंतिम चरण का चुनाव है। प्रदेश के लिए ऐसी राजनीति चुनिए जो जीवन को प्रभावित करने वाले मुददों की बात करे। ऐसी राजनीति चुनिय जो अपने जीवन को बेहतर बनाने का विकल्प आपके सामने रखे। सोच समझकर जिम्मेदारी से मतदान करें। प्रियंका गांधी के इस ट्वीट ने राजनीतिक हलकों में भूचाल ला दिया है।
बता दें कि आज प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 का अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। जिसमें वाराणसी के अलावा मऊ भी शामिल है। इसके बाद आगामी 10 मार्च को चुनाव परिणाम आएंगे। मतगणना की भी सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। आने वाली 10 मार्च को पता चलेगा कि प्रदेश में किसकी सरकार बनने जा रही है। प्रदेश की जनता को पूरी तरह से अब 10 मार्च का इंतजार है। बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मतदान के दौरान ट्वीट कर मतदाताओं से अपने विवेक के अनुसार मतदान की अपील की थी।