15 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पंजाब चुनाव: 20-25 हजार वोटर डिलीट कराइए, अपना एमएलए बनाइए- बीजेपी नेता के नाम से वीडियो वायरल

Punjab SIR Viral Video: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी नेता के नाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें 20-25 हजार वोट डिलीट कराने की बात कही जा रही है। वीडियो को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
2 min read
Google source verification
Punjab SIR Viral Video

भाजपा नेता के नाम से वीडियो वायरल (Photo: X/@sphavisha)

Punjab Election 2027: पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बीच सोशल मीडिया पर भाजपा (BJP) की नेता रेणु कश्यप के नाम से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस अपुष्ट वीडियो को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा जा रहा है। राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों और 24,453 मतदान केंद्रों पर एसआईआर प्रक्रिया जारी है।

'जीत नहीं सकते तो वोटर हटा रहे'

यह वीडियो सबसे पहले 'Dr. SP' नाम के ‘एक्स’ हैंडल से साझा किया गया। पोस्ट में दावा किया गया कि वीडियो में भाजपा की दीनानगर प्रभारी रेणु कश्यप यह कहते हुए दिखाई दे रही हैं, "एसआईआर करवाइए, 20-25 हजार वोट डिलीट कराइए और अपना विधायक चुनवाइए।" पोस्ट में आरोप लगाया गया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए मतदाता सूची में हेरफेर करना चाहती है।

इसके अलावा 'With Congress' नाम के एक अन्य एक्स हैंडल ने भी यही वीडियो शेयर किया है। पोस्ट में दावा किया गया कि रेणु कश्यप मतदाता सूची से हजारों वोट हटाने की बात कर रही हैं। साथ ही आरोप लगाया गया कि चुनाव आयोग एसआईआर अभियान के जरिए भाजपा की मदद कर रहा है।

हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस पर भाजपा या चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

चुनाव आयोग के SIR अभियान के बीच खड़ा हुआ विवाद

गौरतलब है कि पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी बीच चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का तीसरा चरण शुरू किया है। इस अभियान के तहत पंजाब सहित 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 36.73 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है।

जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फिलहाल SIR अभियान चल रहा है, उनमें दिल्ली, ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, नगालैंड, त्रिपुरा तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव शामिल हैं। इनमें पंजाब, झारखंड, कर्नाटक और तेलंगाना ऐसे राज्य हैं, जहां विपक्षी दलों की सरकारें हैं।

इससे पहले बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, गोवा, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।