
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणा पत्र पर बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया थमने का नाम नहीं ले रही है। अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले हरियाणा के मंत्री और बीजेपी नेता अनिल विज भी इस कड़ी में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मेनिफेस्टो आतंकवादियों को केंद्रित कर के बनाया गया है ताकि वो मजबूत हो सकें ।
'नेहरु के इरादे पूरी कर रही कांग्रेस'
बीजेपी नेता ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कांग्रेस पर निशाना साधा है। पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि कांग्रेस के मेनिफेस्टो को देख कर लगता है की जवाहर लाल नेहरू की आत्मा राहुल गांधी में आ गई है। कश्मीर को भारत से अलग करने का जो कुत्सित प्रयास जवाहर लाल नेहरू ने किया था, उस सपने को पूरा करने का इरादा कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में व्यक्त किया है।
धारा 124 A को लेकर कांग्रेस पर लगाए आरोप
दूसरे ट्वीट में उन्होंने भारतीय दंड संहिता की धारा 124 A को खत्म किए जाने को लेकर कहा कि कांग्रेस देशद्रोह की धारा खत्म करना चाहती है, ताकि लोग अपने घरों में पाकिस्तान के झंडे लगाएं। पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाएं और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा भी दर्ज नहीं हो। 370 को कांग्रेस खत्म नहीं करना चाहती है, इसी धारा ने कभी कश्मीर को हिन्दुस्तान से मिलने नहीं दिया।
कांग्रेस के दो वादों पर मचा रार
बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया है। इसमें पार्टी ने दो ऐसे वादे किए हैं जिसे लेकर जमकर विवाद हो रहा है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में कहा है कि उनकी सरकार बनने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 124 A को खत्म किया जाएगा और AFSPA कानून में संशोधन पर विचार होगा।
Indian Politics से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर