
अजित दादा के निधन पर राजनीति न करें: सुनेत्रा पवार की सुप्रिया सुले को दोटूक (Photo: IANS)
Ajit Pawar plane crash probe: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने अपने पति और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार के विमान हादसे पर हो रही बयानबाजी पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने विपक्ष, खासकर अपनी ननद और एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले का नाम लिए बिना कहा कि अजित दादा के जाने से जो खालीपन आया है, उसका दर्द उनकी मां, बच्चों और उनके अलावा कोई नहीं समझ सकता। उन्होंने इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग न देने की अपील की।
पुणे में मीडिया से बातचीत करते हुए सुनेत्रा पवार ने कहा कि लगातार मीडिया के सामने आकर बयानबाजी करने को जांच का अपडेट नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा, "अजित दादा के अचानक चले जाने से पूरे महाराष्ट्र में गहरा दुख है। हम भी चाहते हैं कि इस हादसे का सच जल्द से जल्द सामने आए। लेकिन जांच एजेंसियों को अपना काम करने का समय दिया जाना चाहिए। मुझे देश के कानून, संविधान और जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है।"
उनका यह बयान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की नेता सुप्रिया सुले के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने अजित पवार की मौत के बाद उनके गुट पर सत्ता का आनंद लेने का आरोप लगाया था। अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने सरकार और पार्टी में उनके राजनीतिक दायित्वों की कमान संभाली है।
सुप्रिया सुले ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल उठाया था कि अजित पवार की मौत के मामले में अब तक FIR क्यों दर्ज नहीं की गई? जबकि अजित पवार गुट मौजूदा सरकार का हिस्सा है। सुले ने आरोप लगाया था कि अजित पवार गुट के 40 विधायक और 8-9 मंत्री सत्ता का सुख भोग रहे हैं, लेकिन उनमें से किसी ने भी अपने नेता की मौत की निष्पक्ष जांच या एफआईआर की मांग नहीं उठाई।
सुनेत्रा पवार ने कहा कि इस हादसे के बाद सभी लोग ठोस कार्रवाई और स्पष्ट निर्णय चाहते हैं और इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में अपना आश्वासन दिया है और उसे पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
सुनेत्रा पवार ने जांच एजेंसियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और उन्हें कानून तथा संविधान पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अजित पवार की मौत से उनकी मां, उनके बच्चों और खुद उनसे ज्यादा आहत आखिर कौन हो सकता है। सुनेत्रा ने लोगों से अपील की कि इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक बहस का मुद्दा बनाने के बजाय जांच एजेंसियों को अपना काम करने दिया जाए।
पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की इसी साल 28 जनवरी को बारामती एयरपोर्ट के पास विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह Learjet 45XR विमान में सवार थे। विमान रनवे 11 पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी हादसा हुआ। विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई थी।
हादसे के बाद अजित पवार के बेटे जय पवार ने भी विमान दुर्घटना को लेकर सवाल उठाए थे। वहीं, सुनेत्रा पवार ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी।
एनसीपी (एसपी) विधायक और शरद पवार के पोते रोहित पवार ने भी अजित पवार की मौत को लेकर साजिश की आशंका जताई थी। उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू के इस्तीफे की मांग तक कर दी थी।
हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि एयरक्रॉफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की फाइनल रिपोर्ट आने से पहले सीबीआई आधिकारिक तौर पर इस मामले में जांच शुरू नहीं कर सकती। सीबीआई जांच शुरू करने के लिए AAIB की अंतिम रिपोर्ट की आवश्यकता होगी। फिलहाल महाराष्ट्र सीआईडी भी मामले की समानांतर जांच कर रही है।
AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट में विमान दुर्घटना से जुड़े कुछ अहम सुरक्षा पहलुओं का उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट में निर्धारित सीमा से कम दृश्यता और एक ऐसे एयरफील्ड में सुरक्षा संबंधी खामियों की ओर इशारा किया गया था, जहां एयर ट्रैफिक कंट्रोल की नियमित व्यवस्था नहीं थी। अब इस पूरे मामले में अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
Updated on:
04 Sept 2026 10:26 am
Published on:
04 Sept 2026 09:56 am
