
बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद उठा तूफ़ान शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। वैसे तो आधिकारिक रूप से कर्नाटक में बीजेपी की सरकार बन गई है और येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले ली है लेकिन इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व सीएम सिद्दारमैया कर्नाटक विधानसभा के सामने गांधी प्रतिमा के आगे धरने पर बैठ गए हैं। इस धरने में दिग्गज कांग्रेसी नेता अशोक गहलोत और राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद भी शामिल हैं।
कांग्रेसी विधायक सिद्धारमैया के नेतृत्व में गांधी प्रतिमा के आगे धरना दे रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि 'राज्यपाल ने अनैतिक तरीकों से बीजेपी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित क्र दिया और उनकी सरकार बनवा दी। हम इसके खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे।'
आकड़ों से दूर हैं येदियुरप्पा
हालांकि येदियुरप्पा ने सीएम पद की शपथ जरूर ले ली है लेकिन अभी भी उनके पास 104 ही विधायक हैं।कांग्रेस और जेडीएस का आरोप है कि अब येदियुरप्पा और बीजेपी जमकर विधायकों की खरीद फरोख्त कर सकते हैं।बता दें कि कर्नाटक में राज्यपाल द्वारा बीजेपी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने के खिलाफ कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट पहुँच गई थी लेकिन उसे वहां भी राहत नहीं मिली थी और शीर्ष अदालत ने शपथ ग्रहण पर रोक लगाने से मना कर दिया। इसके बाद अब कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा के सीएम बनने का विरोध करने का फैसला लिया है।
विधायकों के टूटने का डर
कांग्रेस और जेडीएस ने अपने ज्यादातर विधायकों को बीजेपी के प्रलोभन और दबाव से दूर रखने के लिए बेंगलुरु के ईगलटन रिजॉर्ट में ठहराया हुआ है। येदियुरप्पा के शपथ लेते ही ये सभी विधायक शपथग्रहण समारोह के बाद कांग्रेस के विधायक रिजॉर्ट से निकलकर बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में विरोध प्रदर्शन के लिए जमा हो गए हैं। अब ये विधायक येदियुरप्पा की ताजपोशी के खिलाफ विधानसभा के सामने सड़क पर धरना दे रहे हैं।
कर्नाटक के हालात पर दिग्विजय सिंह का तंज, CM नीतीश कुमार को भी दी ये सलाह
आपको बता दें कि आज गुरुवार सुबह 9 बजे राज्यपाल वजूभाई वाला ने बीएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई है। येदियुरप्पा ने तीसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पद संभाला है। इससे पहले राज्यपाल वजुभाई वाला ने बुधवार की शाम येदियुरप्पा को सरकार बनाने के लिए बुलाया था जिसके बाद येदियुरप्पा ने घोषणा की थी कि वह गुरुवार को सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। येदियुरप्पा को बहुमत साबित करने के लिए 15 दिन का समय मिला है।