
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को तेलंगाना के जहीराबाद में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में सत्ताधारी दल टीआरएस पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने तेलंगाना के लोगों से पूछा कि क्या आपके मुख्यमंत्री ने कभी रफाल मुद्दा उठाया? क्या उन्होंने कभी चौकीदार चोर है कहा? नहीं ना...दरअसल यह एक पार्टनरशिप है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि टीआरएस और उनके सांसद नरेंद्र मोदी का सहयोग करते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा आज पूरा देश जानता है कि भाजपा और मोदी के खिलाफ अगर कोई दल लड़ रहा है तो वह कांग्रेस है, न कि टीआरएस।
राहुल ने मोदी सरकार पर रोजगार देने में फेल होने का आरोप लगाते हुए उनके वादे की आलोचना की। राहुल गांधी ने वादा किया है कि अगर कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आई तो एक साल के अंदर 22 लाख सरकारी नौकरी दी जाएंगी। यही नहीं राहुल गांधी ने अपने वादे को पूरा करने की तारीफ भी बताई। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर अगले साल 31 मार्च तक 22 लाख सरकारी नौकरियों के पद भर दिए जाएंगे।