राजनीति

इस्तीफे की मांग पर रिजिजू ने कहाः मेरे खिलाफ खबर सुनियोजित

कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को कहा कि मंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है
less than 1 minute read
• •
Updated: 13 Dec 2016, 4:17 PM IST
Kiren Rijiju
Kiren Rijiju
नई दिल्ली। कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश में एक पनबिजली परियोजना घोटाले में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू की कथित संलिप्तता को लेकर केंद्रीय मंत्रीमंडल से उनके इस्तीफे की मांग की है।

कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को कहा कि मंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो पारदर्शिता और ईमानदारी की बात करते हैं, उन्हें इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से करानी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि तब तक प्रधानमंत्री को चाहिए कि वह मंत्री को या तो बर्खास्त कर दें या पद से इस्तीफा देने के लिए कहें। सुरजेवाला ने परियोजना से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ जांच की भी मांग की।

अखबार ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि रिजिजू ने अरुणाचल प्रदेश में 600 मेगावाट की कामेंग पनबिजली के लिए दो बांधों के निर्माण हेतु ठेकेदार को भुगतान करने के लिए पत्र लिखा।

मेरी खिलाफ खबर सुनियोजित: रिजिजू

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने मंगलवार को एक दैनिक में विद्युत परियोजना में कथित तौर पर उनकी संलिप्तता को लेकर प्रकाशित खबर को सुनियोजित करार देते हुए इसकी निंदा की और कहा कि यदि वे अरुणाचल प्रदेश जाएंगे तो जूतों से उनकी पिटाई होगी।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रिजिजू ने संवाददाताओं से कहा कि यह एक सुनियोजित खबर है। यदि वे अरुणाचल प्रदेश जाएंगे तो जूतों से उनकी पिटाई होगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता का यह बयान एक अखबार की उस रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में 600 मेगावाट की कामेंग पनबिजली परियोजना के लिए दो बांधों के निर्माण में ठेकेदारों के भुगतान को मंजूरी देने के लिए पत्र लिखा। रिजिजू ने सवालिया लहजे में कहा कि क्या लोगों की सेवा करना भ्रष्टाचार है?
Published on: