-संघ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 5 लाख घरों में जनसंपर्क की भी बनाई रणनीति
नई दिल्ली। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तरह दिल्ली में भी आरएसएस ने भाजपा के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क की रणनीति बनाई है। संघ ने छोटी-छोटी दो लाख बैठकें करने की तैयारी की है। ये ड्राइंग रूम बैठके होंगे, जिसमें 10 से 20 लोगों को वोट के लिए तैयार किया जाएगा।
संघ ने पांच लाख घरों में जनसंपर्क करने की भी रणनीति बनाई है। इस दौरान देश के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करते हुए संघ के कार्यकर्ता वोट की अपील करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों के जरिए असंतुष्ट मतदाताओं को भी विभिन्न तर्कों से संतुष्ट करने की कोशिश होगी। किसी को विचारधारा के आधार पर मनाया जाएगा तो किसी को भाजपा शासित राज्यों की सफल योजनाओं का हवाला दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव के दौरान कम मतदान से हुए नुकसान को देखते हुए संघ के स्वयंसेवक अधिकतम मतदान के लिए भी प्रेरित करेंगे। दिल्ली में 13 हजार से अधिक बूथों पर कैसे अधिक से अधिक वोट डलवाए जाएं, इसको लेकर भी रणनीति बनाई जा रही है।