राजनीति

Exit poll 2019: पप्पू यादव ने तेजस्वी पर साधा निशाना, कहा- ‘बिहार विधानसभा चुनाव पर भी होगा इसका असर’

एग्जिट पोल्‍स के रुझान एनडीए के पक्ष आने से मची सियासी हलचल बिहार महागठबंधन में आरोप-प्रत्‍यारोप का सिलसिला शुरू पप्‍पू यादव ने तेजस्‍वी के अहंकार को ठहराया जिम्‍मेदार
2 min read
• •
Updated: 20 May 2019, 10:22 AM IST
pappu yadav
Exit poll 2019: पप्पू यादव ने तेजस्वी पर साधा निशाना, कहा- 'बिहार विधानसभा चुनाव पर भी होगा इसका असर'

नई दिल्‍ली।लोकसभा चुनाव 2019 के सभी चरणों का मतदान समाप्‍त होने के बाद लगभग सभी न्‍यूज चैनलों के एग्जिट पोल्‍स में मोदी सरकार की वापसी की संभावना जताई गई है। एग्जिट पोल के नतीजे आते ही बिहार जनाधिकार पार्टी के प्रमुख राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्‍वी यादव पर तंज कसा है। उन्‍होंने कहा कि बिहार में एनडीए को बढ़त मिलने के लिए तेजस्वी यादव जिम्‍मेदार हैं। उन्‍होंने कहा कि तेजस्‍वी के अहंकार और अनुभवहीनता की वजह से यह स्थिति उत्‍पन्‍न हुई है।

मोदी की जीत से डरे पप्‍पू यादव

जनाधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव ने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे को मैं सही नहीं मानता हूं। यह सर्वे देश के कुछ लोगों के बीच किया जाता है, जो सही नहीं हो सकता है। बिहार में महागठबंधन के सभी दलों के बीच समन्वय नहीं होने के कारण नतीजे महागठबंधन के पक्ष में नहीं आएंगे। इसके बावजूद अगर एग्जिट पोल्‍स से ही मिलता जुलता परिणाम 23 मई को एनडीए के पक्ष में आया तो इसका असर बिहार विधानसभा चुनाव पर भी पड़ेगा। ऐसा इसलिए कि 2020 में बिहार में विधानसभा चुनाव प्रस्‍तावित है।

बिहार में महागठबंधन की हालत खस्‍ता

बता दें लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर अधिकांश न्‍यूज चैनलों के एग्जिट पोल्‍स में एनडीए की वापसी की संभावना जताई गई है। बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 34 से 36 सीटें एनडीए गठबंधन को मिलने की संभावना है। यूपीए को 6 सीटें मिल सकती हैं। जबकि अन्य के हाथ खाली रह सकते हैं।

Published on: