राजनीति

गोवा कांग्रेस ने विधानसभा स्पीकर को हटाने की उठाई मांग, सचिव को सौंपा 15 विधायकों का समर्थन पत्र

इससे पहले चंद्रकांत केवलेकर के नेतृत्व में कांग्रेस के 15 विधायकों ने राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
2 min read
• •
Updated: 21 Sep 2018, 8:33 PM IST
Goa congress
Goa congress

पणजी। गोवा में मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बीमार होने के बाद से ही सियासी हलचल जारी हैं। मुख्यमंत्री के बीमार होने की खबर के बाद से ही राज्य में कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने की तिकड़म लगा रही है, लेकिन अभी तक हाथ में कुछ नहीं लगा है। इस बीच शुक्रवार को विपक्ष के नेता चंद्रकांत कवलेकर ने विधानसभा सचिव को 15 कांग्रेसी विधायकों का एक समर्थन पत्र सौंपा, जिसमें विधानसभा स्पीकर प्रमोद सावंत को उनके पद से हटाने की मांग की गई है।

समर्थन पत्र पर इन विधायकों ने किए हस्ताक्षर

समर्थन पत्र पर सहमति जताने वाले विधायकों में चंद्रकांत कवलेकर के अलावा दयानंद सोपटे, नीलकंठ हलार्नकर, जेनिफर, फ्रांसिस्को सिलवेरिया, प्रताप सिंह राणे, सुभाष श्रोद्धकर, दिगंबर कामत आदि विधायकों का नाम शामिल है। आपको बता दें कि इससे पहले चंद्रकांत कलवेकर राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा भी पेश कर चुके हैं।

इससे पहले राज्यपाल से मिल सरकार बनाने का दावा पेश कर चुके हैं कांग्रेसी विधायक

गुरुवार को ही चंद्रकांत केवलेकर के नेतृत्व में कांग्रेस के 15 विधायकों ने राज्यपाल मृदुला सिन्हा से राजभवन में मुलाकात की थी। राज्यपाल के यहां मौजूद नहीं होने पर कांग्रेस का प्रतिनिधित्वमंडल सरकार बनाने का दावा पेश करने वाली चिट्ठी वहीं छोड़कर आए। पत्र में सरकार बनाने का मौका देने की मांग की गई है। कांग्रेस पार्टी के राज्य में 16 विधायक हैं। कांग्रेस का कहना है कि उसके पास एक एनसीपी विधायक समेत 17 विधायकों का समर्थन है।

अब विधानसभा स्पीकर को हटाने की उठाई मांग

पहले सरकार बनाने का दावा पेश करना और फिर विधानसभा स्पीकर को पद से हटाने की मांग के बाद ये तय हो गया है कि मनोहर पर्रिकर के बीमार होने के इस मौके को कांग्रेस पार्टी हाथ से नहीं जाने देना चाहती है, वो किसी भी हाल में सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है।

गोवा कांग्रेस प्रभारी ने पर्रिकर सरकार के जाने का किया दावा

इस सियासी उठापटक के बीच में कांग्रेस के गोवा प्रभारी ए चेल्लाकुमार ने दावा किया है कि राज्य में पर्रिकर सरकार खुद ही खत्म हो रही है और कांग्रेस राज्य में अगली सरकार बनाएगी। हालांकि, उन्होंने यह बताने से मना कर दिया कि तटीय राज्य में कांग्रेस के कब सत्ता में आने की संभावना है।

एम्स में भर्ती हैं मनोहर पर्रिकर

आपको बता दें कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर पिछले कई दिनों से खराब स्वास्थ्य की वजह से दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हैं। उनकी खराब सेहत के बाद से ही राज्य में सत्ता परिवर्तन की अटकलें लगाई जाने लगी हैं। शुक्रवार को गोवा भाजपा मुख्यालय पर राज्यभर से आए 10 मौलानाओं ने एक एक घंटे तक कुरान का पाठ (कुरान खवानी) किया और आधे घंटे तक अल्लाह से उनके लिए दुआएं मांगी।

Published on: