
दार्जिलिंग। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ने 12 घंटे का बंद बुलाया है। बंद का खासा असर देखने को मिल रहा है। सुबह-सुबह प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब सौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
विकास कार्यो के लिए जारी चार हजार करोड़ रुपए के फंड को लेकर अलग-अलग दावों से दार्जिलिंग की राजनीति गरमा गई है। गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन और गोरखा जनमुक्ति मोर्चा द्वारा आज दार्जिलिंग मे बंद बुलाया गया है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया था कि पहाड़ों पर विकास के लिए पिछले चार साल में तकरीबन चार हजार करोड़ रुपए गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन को दिए। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के नेता बिमल गुरुंग ने इसे गलत करार दिया है।
गुरुंग के मुताबिक राज्य सरकार से जीटीए को लगभग 238 करोड़ रुपए ही मिले हैं। उन्होंने कहा था कि सीएम चार हजार करोड़ रुपए जारी होने के अपने दावे को साबित करें वर्ना उनका मोर्चा 28 सितंबर को दार्जिलिंग को बंद करवाएगा। चूंकि मुख्यमंत्री की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है इसलिए गुरुंग ने अपनी चेतावनी के मुताबिक आज बंद बुलाया।