राजनीति

गुजरात: पोस्टर में अहमद पटेल को बताया CM पद का दावेदार, कांग्रेस बोली- BJP की साजिश

सूरत में कुछ ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिसपर लिखा है कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहाकर अहमद पटेल ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
2 min read
• •
Updated: 7 Dec 2017, 4:24 PM IST
Gujarat Election

नई दिल्ली।गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे जैसे नजदीक आ रही है, गुजरात की फिजा में राजनीति माहौल गरमाता जा रहा है। इस चुनावी जंग को जीतने के लिए राजनीतिक दल सबकुछ कर देना चाहते हैं। हर पार्टी अपने स्टार प्रचारकों की फौज लेकर इस जंग में कूद पड़ी है। इसी बीच विवादित पोस्टर ने आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरु कर दिया है। सूरत में कुछ ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिसपर ऐसा दावा किया जा रहा है कि अगर गुजरात में कांग्रेस चुनाव जीतती है तो सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहाकर अहमद पटेल ही मुख्यमंत्री बनेंगे।

'पटेल को बनाए वजीर ए आजम'
इस पोस्टर में मुस्लिम समाज के लोगों से कांग्रेस के पक्ष में वोट देकर अहमद पटेल को वजीर ए आजम बनाने की अपील की गई है। हालांकि अहमद पटेल ने इस पोस्टर में किए गए दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे बीजेपी की साजिश बताई है।

पटेल बोले- ये बीजेपी साजिश
पटेल ने ट्विटर पर लिखा है कि इस तरह के गलत पोस्टर लगाकर अफवाह फैलाना बीजेपी के हार के डर को दिखाता है। क्या वे लोग सच में इस तरह के गंदे हथकंडों पर आश्रित हैं? मैं कभी भी मुख्यमंत्री पद की रेस में नहीं था और ना ही रहूंगा।

'ध्यान भटकाना चाहती है बीजेपी'
एक दूसरे ट्वीट में पटले ने इस पोस्टर को लेकर बीजेपी पर फिर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 22 साल के शासन में किए गए काम से लोगों का ध्यान ? हटाने के लिए बीजेपी इस तरह के झूठे हथकंडे अपना रही है, लेकिन इसबार गुजरात के लोगों ने अपना मन बना लिया है।


कांग्रेस ने नहीं घोषित किया सीएम प्रत्याशी
बता दें कि गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस ने अबतक अपने मुख्यमंत्री पद के दावेदार की घोषणा नहीं की है। तो दूसरी ओर बीजेपी ने वर्तमान सीएम विजय रुपाणी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

Published on: