राजनीति

गुलाम नबी आजाद का सरकार पर हमला, कहा- 370 हटने के बाद और बिगड़ गए कश्मीर के हालात

कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने जम्मू-कश्मीर के हालातों पर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद हटाने के वक्त हमें बताया गया था कि अब यहां विकास होगा और घाटी को मुख्य धारा से शामिल किया जाएगा, लेकिन आज स्थिति बिल्कुल अलग है।
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2021, 6:50 PM IST
gulan nabi azad says Kashmir situation worst after 370 abrogate
gulan nabi azad says Kashmir situation worst after 370 abrogate

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन दिनों जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद से विकास के नए युग की शुरूआत हुई है। उनके इस बयान पर कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने केंद्र पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद हटाने के वक्त हमें बताया गया था कि अब यहां विकास होगा और घाटी को मुख्य धारा से शामिल किया जाएगा, लेकिन आज स्थिति बिल्कुल अलग है।

मुख्यमंत्रियों के हाथों में बेहतर था कश्मीर
गुलाम नबी आजाद का कहना है कि सरकार ने जनता से जो वादे किए थे, उनमें से कुछ भी पूरा नहीं हुआ है। आज कश्मीर में आतंकी घटनाएं पहले से अधिक बढ़ गई हैं। आतंकी आम नागरिकों और प्रवासी मजदूरों को निशाना बना रहे हैं। कांग्रेस नेता का कहना है कि इससे बेहतर तो हम तभी थे जब कश्मीर में मुख्यमंत्रियों का शासन था।

पीएम मोदी से किया अनुरोध
इसके साथ ही कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार कश्मीर को संभाल नहीं पा रही है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि पहले कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाए, उसके बाद कश्मीर में निष्पक्षता से चुनाव कराए जाएं। उन्होंने बताया कि इसके लिए मैंने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है।

यह भी पढ़ें: महबूबा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को भेजा नोटिस, जाने क्या है मामला

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों से आतंकी घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। इन दिनों हो रहे हमलों में आतंकी गैर-कश्मीरियों और प्रवासी मजदूरों को निशाना बना रहे हैं। वहीं भारतीय सेना भी आतंकियों के इन हमलों का जवाब देने के लिए अभियान चला रही है। इनमें अब तक कई आतंकियों को मार गिराया गया है। इस हमलों के बीच गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचे हैं। गृह मंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Published on: