
नई दिल्ली। पिछले 15 दिनों आमरण अनशन कर रहे पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) के नेता हार्दिक पटेल ने की सेहत में सुधार देखा जा रहा है। शनिवार ने एकबार फिर उन्होंने पानी पीना शुरू कर दिया। हार्दिक से अस्पताल में मिलने पहुंचे लोकतांत्रिकजनता दल के नेता शरद यादव ने उन्हें पानी पिला कर उनका जल त्याग खत्म कराया हालांकि पार्टी ने दावा किया है उनका अनशन जारी है।
मैं जान भी दे सकता हूं: हार्दिक
हार्दिक पटेल ने ट्विटर पर लिखा कि मैं उनके लिए जान दे सकता हूं जो मुझे स्नेह करते हैं और मुझे जिंदा देखना चाहते हैं लेकिन दोस्तों..मैं उनके लिए नहीं मरूंगा जो मुझे मारना चाहते हैं।
शरद यादव ने हार्दिक को पिलाया पानी
यादव ने एसजीवीपी अस्पताल में हार्दिक से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा कि उन्होंने पाटीदार नेता से कहा है कि सरकार के खिलाफ लड़ाई के लिए तंदुरूस्त रहना जरूरी है। यह लड़ाई खूब खा पीकर होनी चाहिए। अभी उन्होंने पानी लेना शुरू किया है और डाक्टरों की सलाह पर वह खाना भी जल्द ही शुरू कर देंगे। वहीं पास प्रवक्ता मनोज पनारा ने बताया कि हार्दिक ने डाक्टरों की सलाह पर पानी लेना शुरू किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बातचीत के लिए अब तक कोई प्रस्ताव उन्हें नहीं दिया है। उनका अनशन जारी रहेगा।
अस्पताल में भी जारी है मुलाकातों का दौर
पाटीदार नेता से अनशन के दौरान भी विपक्ष के कई नेताओं ने मुलाकात की है। शनिवार को अस्पताल में उनसे सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश, धर्मगुरू आचार्य प्रमोद, डीएमके नेता ए राजा ने मुलाकात की है। हार्दिक ने कहा कि ये सभी लोग मुझे अनशन खत्म करने के लिए कह रहे हैं लेकिन जबतक ये सरकार मेरी मांगें नहीं मान लेती है मैं अड़ा
15 दिन से जारी है आमरण अनशन
बता दें हार्दिक ने गत 25 अगस्त से किसानों की ऋण माफी, पाटीदार समुदाय को आरक्षण और राजद्रोह के मामले में गिरफ्तार उनके साथी अल्पेश कथिरिया की रिहाई की मांग को लेकर यहां अपने ग्रीनवुड रिसार्ट आवास में अनशन शुरू किया था। कल 14 वें दिन उन्हें तबीयत बिगड़ने पर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सारे रिपोर्ट सामान्य आने पर उनके समर्थकों ने सरकारी अस्पताल पर संदेह जताते हुए देर रात उन्हें निजी क्षेत्र के एसजीवीपी अस्पताल में भर्ती कराया था। उन्होंने इससे पहले 30 और 31 अगस्त को भी पानी पीना बंद किया था पर एक सितंबर को फिर से पानी पीना शुरू कर दिया था।
बीजेपी बोली- राजनीति कर रहे हार्दिक
गुजरात की सत्तारूढ़ बीजेपी का कहना है कि खुलेआम कांग्रेस का समर्थन करने वाले हार्दिक और उनके साथी राजनीतिक कारणों से और अगले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यह सब कर रहे हैं। हालांकि राज्य सरकार किसी से भी बातचीत के लिए तैयार है।