
UP Assembly Elections Result 2022 महाभारत कालीन हस्तिनापुर पर एक बार फिर से कमल खिला है। वहीं एक और परंपरा पांडवों और कौरव की इस धरती पर कायम रही। इसको मिथक ही कहा जाए या फिर इस धरती का चमत्कार। जो भी हस्तिनापुर विधानसभा सीट से आज तक चुनाव जीता है प्रदेश में उसी पार्टी की सरकार बनी है। वहीं एक और मिथक हस्तिनापुर की इस सीट का था कि लगातार कोई एक पार्टी दो बार इस सीट से चुनाव नहीं जीती। लेकिन इस बार भाजपा के दिनेश खटीक ने यह मिथक तोड़ दिया। भाजपा के दिनेश खटीक इस बार दोबारा विधानसभा चुनाव जीतकर सदन पहुंचे हैं। वहीं प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा की सरकार भी बन रही है।
विधानसभा क्षेत्र हस्तिनापुर से भाजपा के दिनेश खटीक को 62889 मत प्राप्त हुए जबकि सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी योगेश वर्मा को 57535 वोट मिले। वहीं बसपा के संजीव को 7425 वोट प्राप्त हुए। हस्तिनापुर की इस सीट ने अपनी परंपरा कायम रखी वहीं एक मिथक भी दिनेश खटीक के दोबारा विधायक बनने के बाद टूट गया। पिछले तीन चुनाव की बात करें तो 2012 में इस सीट से सपा का प्रत्याशी विजयी हुआ था। उस दौरान प्रदेश में अखिलेश के नेतृत्व में सपा सरकार बनी।
वर्ष 2017 के हुए विधानसभा चुनाव में हस्तिनापुर से भाजपा प्रत्याशी दिनेश खटीक चुनाव जीते थे। दिनेश खटीक के चुनाव जीतने के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। विधायक दिनेश खटीक को दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री भी बनाया गया। उसके बाद इस बार यानी 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा की जीत इस सीट पर हुई और प्रदेश में भी सरकार भाजपा की पूर्ण बहुमत के साथ बनी। भाजपा के दिनेश खटीक लगातार दूसरी बार हस्तिनापुर सीट से विधायक बने हैं।