हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा के दो बार के सांसद राम स्वरूप शर्मा अपने सरकारी आवास पर मृत पाए गए
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर सामने आई है। यहां हिमाचल प्रदेश ( Himachal Pradesh ) के मंडी से भारतीय जनता पार्टी के दो बार के सांसद राम स्वरूप शर्मा ( BJP MP Ram Swaroop Sharma ) संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार को अपने सरकारी आवास पर मृत पाए गए। राम स्वरूप शर्मा 62 साल के थे। शर्मा के मृत पाए जाने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस आनन-फानन में मौके पहुंची और डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पूर्व दूरसंचार मंत्री सुखराम के पोते 32 वर्षीय कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को हराया था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
राम स्वरूप शर्मा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नजदीकी
राजनीति से जुड़े जानकारों की मानें तो राम स्वरूप शर्मा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नजदीकी समझे जाते थे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ( RSS ) से लंबे समय से जुड़े हुए थे। शर्मा सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर काफी सक्रिय रहते थे। आखिरी बार उन्होंने 14 मार्च को ट्वीट किया था। 2014 के लोकसभा चुनाव में, शर्मा ने कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह - जो छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं, को बड़े अंतर से हराया था। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले उन्होंने कोविड-19 के टीकाकरण की पहली खुराक ली थी।
मंडी लोकसभा सीट देश के सबसे बड़े संसदीय क्षेत्रों में से एक
आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट देश के सबसे बड़े संसदीय क्षेत्रों में से एक है, जिसमें किन्नौर और लाहौल-स्पीति की आदिवासी बहुल विधानसभा सीटों के अलावा कुल्लू, मंडी, चंबा और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, शर्मा के निधन की खबर पर मिलते भाजपा नेताओं का उनके आवास पर तांता लग गया। उनके निधन से भाजपा के लोगों में भी काफी दुख है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर समेत कई नेता नॉर्थ एवेन्यू में उनके अंतिम दर्शन को पहुंचे। जबकि कई नेताओं ने ट्वीट कर दुख की घड़ी में उनके परिवार को सांत्वना दी।