राजनीति

INDIA RECAP 2018: विदाउट ब्रेक जारी है सियासी खेल, कुछ का बढ़ा कद तो कुछ का हो गया छोटा

साल के बारह महीनों में से एक भी महीना ऐसा नहीं गुजरा जब सियासी रंग ढंग में उतार-चढ़ाव देखने को न मिला हो।  
4 min read
• •
Updated: 27 Dec 2018, 12:01 PM IST
political drama
India Recap 2018: इंडिया में विदाउट ब्रेक जारी है सियासी खेल, कुछ का बढ़ा कद तो कुछ का हो गया छोटा

नई दिल्‍ली। राजनीति एक ऐसी चीज है जिससे आप चाहते हुए भी बच नहीं सकते। कुछ मामलों में यह भी देखा गया है कि आपका इससे कोई लेना देना हो या नहीं पर इसका असर जरूर होता है। लेकिन जो लोग इसके खिलाड़ी माने जाते हैं उनपर इसका असर भी चौंकाने वाला ही होता है। 2018 में हर महीने यह खेल जारी रहा। इस खेल में कुछ नेताओं के तकदीर जाग उठे तो कुछ का ग्राफ धड़ाम से गिर गया। अभी यह सिलसिला थमा नहीं है और साल के सप्‍ताहांत में भी जारी है।

राहुल का निराला अंदाज

दिसंबर, 2017 में कांग्रेस पार्टी को राहुल गांधी के रूप में नया अध्‍यक्ष मिला। अध्‍यक्ष बनने के बाद इसी साल 17 मार्च को पार्टी के 84वें अधिवेशन के दौरान राहुल गांधी सोनिया गांधी से इस अंदाज में मिले। जब से राहुल गांधी पार्टी के अध्‍यक्ष बने हैं तब से कांग्रेस का ग्राफ ऊपर उठता दिखाई देने लगा है। राहुल गांधी के नेतृत्‍व के लिहाज से हिंदी हार्टलैंड के तीन राज्यों में पार्टी को मिली जीत पार्टी और खुद राहुल के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।

सीजेआई के खिलाफ 4 जजों का विरोध

इससे पहले 2018 की शुरुआत जनवरी में ऐसा हुआ जो भारतीय न्यायपालिका के इतिहास में एक नया पड़ाव साबित हुआ। यूं तो इसे न्‍यायपालिका के लिहाज से नहीं कहा जा सकता लेकिन ये हमारी मजबूत न्‍यायिक व्‍यवस्‍था का तकाजा है कि हम इस झटके को भी सहज तरीके से झेलने में सफल रहे। दरअसल हुआ यह कि सुप्रीम कोर्ट के चार जजों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस कॉन्फ्रेंस के दौरान विरोधी जजों ने रोस्टर प्रणाली और कॉलेजियम को लेकर गंभीर सवाल उठाए। 12 जनवरी की इस प्रेस वार्ता के दौरान जस्टिस जे चेलमेश्वर, जस्टिस रंजन गोगोई, जस्टिस मदन लोकुर और जस्टिस कुरियन जोसेफ ने कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट को नहीं बचाया गया तो लोकतंत्र नाकाम हो जाएगा

लालगढ़ पर चढ़ा भगवा रंग

साल तक कम्‍युनिस्‍ट शासन के बाद त्रिपुरा में मानिक सरकार सत्‍ता से बाहर हो गई। यानी लालगढ़ का दूसरा अंतिम और सबसे मजबूत किला ढह गया। इस पर भगवा रंग ऐसा चढ़ा कि लोगों ने प्रचंड बहुमत से भाजपा को सत्‍ता सौंप दी। यह भाजपा के सियासी इतिहास में ऐतिहासिक जीत साबित हुई। यही वजह है कि त्रिपुरा के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री बिप्लव देव के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी मंच साझा किया और इस अवसर के गवाह बने। बीजेपी ने यहां 25 साल से सत्ताधारी वामपंथ के किले को ढहा दिया।

विपक्षी एकता

इसके बाद मई, 2018 में केंद्र सरकार को झटका लगा और विपक्षी एकता की सबसे बड़ी मिसाल दक्षिण भारत में देखने को मिला। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी तो बनीं लेकिन वो सरकार नहीं बना सकी। विपक्षी एका काम आया और भगवा रथ को रोककर सियासत के खिलाडि़यों ने कांग्रेस-जेडीएस सरकार का गठन किया। शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर 20 विपक्षी दलों के नेता एक साथ दिखे।

राहुल की झप्‍पी

इसके बाद राजनीतिक सहिष्‍णुता का नजारा संसद के मॉनसून सत्र में उस समय देखने को मिला जब मोदी सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर लंबी चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में स्‍पीच देने के बाद पीएम मोदी के सीट तक पहुंचे और उन्हें गले लगा लिया। दोनों नेताओं की इस फोटो ने दुनिया भर में काफी सुर्खियां बंटोरीं।

मीटू कैंपेन

बॉलीवुड से शुरू हुआ मीटू कैंपेन ने भी अपना रंग दिखाया। यौन उत्पीड़न के खिलाफ इस सोशल मीडिया कैंपेन की वजह से केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और राज्यसभा सांसद एमजे अकबर को मंत्री पद से इस्तीफा तक देने के लिए मजबूर होना पड़ा। अकबर पर डेढ दर्जन से ज्यादा महिलाओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। इस मामले में अब एमजे अकबर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।

सियासी ब्रेक

यह मामला अभी थमा भी नहीं था कि जम्मू- कश्मीर में भाजपा ने पीडीपी के साथ गठबंधन तोड़कर सभी को चौंका दिया। भाजपा ने पीडीपी ने नाता तोड़ दिया जिससे बाद जम्मू कश्मीर में राज्यपाल शासन लगा दिया गया।

2018 में देश ने एक और दिग्गज भाजपा नेता खो दिया। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार का 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बेंगलुरु में आयोजित उनकी अंतिम यात्रा के दौरान कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अनंत कुमार काफी दिन से कैंसर से जूझ रहे थे। दक्षिण भारत में भाजपा का जनाधार तैयार करने में उन्‍होंने अहम भूमिका निभाई थी।

हिंदी हार्टलैंड पर कांग्रेस का कब्‍जा

इन सबके बाद एक बार फिर चुनावी मौसम का दौर शुरू हुआ। इस बार राजस्थान में कांग्रेस ने महारानी वसुंधरा राजे, मध्‍य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ में रमण सिंह सरकार को सत्‍ता से बेदखल कर दिया। इनमें से मध्‍य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा की 15 वर्षों से सरकार थी जिसे कांग्रेस ने धूल चटाने का काम किया। इस चुनावी जीत को भारतीय राजनीति में राहुल गांधी का उभार भी माना जा रहा है। इस जीत के बाद राजस्‍थान में अशोक गहलोत मुख्‍यमंत्री तो सचिन पायलट उप मुख्‍यमंत्री बने। वहीं मध्‍यम प्रदेश में कमलनाथ और छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल मुख्‍यमंत्री बने।

बेताज बादशाह केसीआर

इसी तरह तेलंगाना में के चंद्रशेखर राव दूसरी बार लगातार प्रचंड बहुमत से जीतकर मुख्‍यमंत्री बने। वो तेलंगाना में बेताज बादशाह बनकर उभरे हैं। इस बार वहां जनता ने उन्‍हें प्रचंड बहुमत का तोहफा दिया है। यहां पर भाजपा मुश्किल से एक सीट जीत पाई। टीआरएस को 119 में से 88 सीटें मिली जबकि कांग्रेस 19 सीटों पर सिमट गई।

Updated on:
27 Dec 2018, 12:01 PM IST
Published on:
Also Read
View All