
रांची। आगामी लोगसभा चुनाव के लिए तैयारियां जोरों पर है और हर राजनीतिक दल जीत सुनिश्चित करने के लिए हर राज्य में तरह-तरह की रणनीति बना रही है। लेकिन इन सबके बीच झारखंड में भाजपा सरकार ने शुक्रवार को चार वर्ष पूरे किए। इस विशेष अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची के कांके मोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री रघुबर दास ने अपनी सरकार की जमकर सरहना की और उम्मीद जताई कि आने वाले चुनाव में झारखंड की हर सीट पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।
लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है झारखंड: सीएम
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री रघुबर दास ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विकास के मानक पर झारखंड के अग्रणी राज्यों में शुमार होने की प्रतिबद्धता जताते हुए सबसे सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा की। इससे पहले अपने चार वर्ष के कार्यकाल का लेखा-जेखा प्रस्तुत करते हुए एक बुकलेट जारी किया। अपने संबोधन में रघुबर दास ने कहा कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण विकास और बिजली के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जो कि पूरे देश के लिए एक मिसाल है। सीएम रघुबर दास ने एक के बाद एक कई ट्वीट किया और अपने सरकार की उपलब्धियों को बताया। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की जमकर तारीफ भी की। अपने एक ट्वीट में उन्होंने लिखा कि सवा 3 करोड़ झारखण्डवासियों की सेवा करते हुए आज हमारी सरकार के 4 वर्ष पूरे हो गए हैं। 4 साल पहले झारखण्ड के हर नागरिक की जिंदगी में सार्थक बदलाव करते हुए विकास के लिए मैं मुख्य सेवक बना था। झारखण्ड में जो भी तरक्की हुई है,उसका श्रेय सभी झारखण्डवासियों को जाता है। एक दूसरे ट्वीट में आगे लिखा कि हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। चाहे उज्ज्वला योजना या 1रुपए में रजिस्ट्री। ये सभी योजनाएं महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। अबतक 26 लाख गरीब बहनों को रसोई गैस और चूल्हा मुफ्त दिया जा चुका है।