
नई दिल्ली।झारखंड ( Jharkhand ) में जल्द ही जेएमएम ( JMM ) और कांग्रेस ( Congress ) गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। JMM नेता हेमंत सोरेन ( Hemant Soren ) राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। लेकिन, उससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ( Ragubar Das ) को हराकर चर्चा में आए सरयू राय ( Saryu Rai ) ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री पर काफी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण फाइलों को जलाया जा रहा है।
जमशेदपुर से नवनिर्वाचित विधायक और बीजेपी के बागी नेता सरयू राय ने कहा कि सचिवालय में मौजूद कई अहम कागजों को चोरी-छुपे जलाया जा रहा है। मुख्य सचिव डीके तिवारी को पत्र लिखते हुए सरयू ने राय ने कहा कि नई सरकार बनने से पहले भवन निर्माण, पथ निर्माण और ऊर्जा विभाग की महत्वपूर्ण फाइलों को गुपचुप तरीके से जलाया जा रहा है। अधिकारी कुछ फाइलों को अपने घर भी ले गए हैं। इसपर तत्काल प्रभाव से रोक लगनी चाहिए।
सरयू ने राय ने कहा कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि पुलिस विभाग की विशेष ब्रांच एवं सीआईडी प्रभागों में महत्वपूर्ण सूचनाओं से संबंधित फाइलों को छांटकर नष्ट करने का कार्य किया जा रहा है। गृह विभाग के अंतर्गत आने वाले इन प्रभागों में संग्रहित अनौपचारिक सूचनाएं और जांच प्रतिवेदन शामिल हैं। इसी तरह भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग और ऊर्जा विभाग में भी महत्व की सूचनाओं से संबंधित फाइलों को नष्ट किया जा रहा है।
इधर, सरयू राय की शिकायत पर मुख्य सचिव का कहना है कि उन्होंने गृह विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी देने को कहा गया है। उन्होंने पथ निर्माण सचिव से बात की है। जिसमें उन्हें ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला है। उन्होंने कहा 20 दिसंबर के बाद मुख्यमंत्री को कोई फाइल नहीं भेजी गई है। इतना ही नहीं मुख्य सचिव डीके तिवारी से भाजपा ने सरयू राय के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि इस मामले में कितनी सच्चाई है।