
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव ( Bihar Election ) में NDA को पूर्ण बहुमत मिला है। वहीं, अब सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई है। चर्चा ये है कि जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। वहीं, अब डिप्टी सीएम को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार सुशील मोदी का डिप्टी सीएम के पद से पत्ता कट सकता है और उनकी जगह कामेश्वर चौपाल को बिहार का नया डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।
कामेश्वर चौपाल बन सकते हैं बिहार के डिप्टी CM!
दरअसल, 15 नवंबर को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। उससे पहले चर्चाओं का बाजा गर्म हो गया है। सियासी गलियारों में कामेश्वर चौपाल का नाम डिप्टी सीएम के लिए जोर-शोर से लिया जा रहा है। गौरतलब है कि कामेश्वर चौपाल राम मंदिर निर्माण की पहली ईंट रखने वाले शख्स हैं। बताया जा रहा है कि राम मंदिर ट्रस्ट के दलित सेवक कामेश्वर चौपाल पटना पहुंच चुके हैं। वहीं, जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि मैं केवल पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं, पार्टी की ओर से मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, वह मुझे स्वीकार होगा। उन्होंने कहा कि व्यक्ति मुझे किसी चीज को लेकर कोई इच्छा नहीं है। वहीं, मुख्यमंत्री को लेकर जब उनसे पूछा गया तो उनका कहना था कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे, इस पर चर्चा हो गई है। उन्होंने कहा कि जब NDA की बैठक होगी, उसमें जो निर्णय लिया जाएगा, वह सर्वमान्य होगा।
15 नवंबर को बीजेपी विधायक दल की बैठक
वहीं, खबर ये भी है कि आज सीएम नीतीश कुमार के आवास पर एक अहम बैठक होगी, जिसमें बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। इस बैठक में आगे की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। वहीं, बीजेपी विधायक दल की बैठक 15 नवंबर को होगी। उसी दिन NDA विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सबकुछ साफ हो जाएगा।