10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राज ठाकरे के हिंदी वाले कटाक्ष पर सीएम फडणवीस का पलटवार, कहा- आपसे सियासी खतरा तो नहीं, पर मिमिक्री करते तो टॉप पर होते

Devendra Fadnavis vs Raj Thackeray: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट पर विवाद के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में राज ठाकरे पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने मनसे प्रमुख को 'मिमिक्री आर्टिस्ट' कहा।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jul 10, 2026

Devendra Fadnavis and Raj Thackeray

राज ठाकरे पर देवेंद्र फडणवीस ने बोला हमला (Photo: IANS)

Mumbai Pune Expressway Missing Link: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' पर मूसलाधार बारिश के बीच हुई भूस्खलन की घटना को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। इस मुद्दे पर भाजपा नीत महायुति सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। महाराष्ट्र विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर परियोजना को लेकर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया। इसके बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की टिप्पणी पर भी उन्होंने तीखा पलटवार किया।

सीएम फडणवीस ने कहा कि मिसिंग लिंक परियोजना को लेकर यह प्रचार किया जा रहा है कि 7,000 करोड़ रुपये पानी में चले गए, जबकि यह पूरी तरह झूठ है। उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी सरकार का नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र का अपमान है। फडणवीस ने आरोप लगाया कि राज्य की छवि खराब करने के लिए जानबूझकर गलत और भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं।

'भाटक गदर्भ' और 'सुपारीबाज' कहकर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उन्होंने 'भाड़े के टट्टू' शब्द का इस्तेमाल किया था, जिस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इसके बाद उन्होंने इस शब्द के बारे में जाना और कहा कि संस्कारी भाषा में इसे 'भाटक गदर्भ' कहा जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए आगे कहा, "अगर अब भी समझ में नहीं आया हो तो उसे 'सुपारीबाज' (पैसे लेकर काम करने वाला) भी कहा जा सकता है।"

हिंदी में बोलने पर राज ठाकरे ने उठाये थे सवाल

मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने हाल ही में सवाल उठाया था कि जब फडणवीस महाराष्ट्र के सीएम हैं तो उन्होंने सदन में हिंदी में क्यों बोला। इस पर आज विधानसभा में जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा, "मैंने सिर्फ एक वाक्य हिंदी में बोला था। पूरा भाषण मैंने मराठी में दिया था। वह उन लोगों के लिए था, जिन्हें वह समझना जरूरी था। लेकिन मिर्ची किसी और को लग गई। फिर हमारे ‘मिमिक्री आर्टिस्ट’ ने सवाल उठाया कि हिंदी में क्यों बोले?"

'मिमिक्री में होते तो स्टैंडअप कॉमेडियन बेरोजगार हो जाते'

मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा में राज ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा, "राज ठाकरे हमारे मित्र हैं। राजनीति में उनसे हमें कोई खतरा नहीं है। लेकिन अगर उन्होंने मिमिक्री की दुनिया में करियर बनाया होता तो आज किसी भी स्टैंडअप कॉमेडियन के लिए मार्केट नहीं बचता।" फडणवीस की इस टिप्पणी के बाद विधानसभा में सत्ता पक्ष के सदस्यों ने ठहाके लगाए।