
नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने राहुल गांधी के पीएम मोदी से गले मिलने पर प्रतिक्रिया दी है। सिब्बल ने कहा है कि नरेंद्र मोदी देश के सबसे बड़े गप्पी हैं, इसीलिए राहुल ने उनको झप्पी दी है। सिब्बल ने कहा, 'ये जो भाषा मैंने लोकसभा में कल देखी, मुझे दुख हुआ। प्रधानमंत्री देश में सबसे बड़े गप्पी हैं, धर्म हमें सिखाता है कि उसको भी लगा दो झप्पी। इसलिए राहुल ने उनको झप्पी दी।' क्योंकि हम किसी से नफरत नहीं करते हैं।
गले मिलने पर बोले राहुल गांधी
गौरतलब है कि लोकसभा में प्रधानमंत्री को अचानक गले लगाने से उठे विवाद पर पहली बार खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'संसद में कल की बहस का बिंदु था कि प्रधानमंत्री अपने अफसाने बनाने के लिए हमारे कुछ लोगों के दिलों में घृणा, भय और क्रोध का इस्तेमाल कर रहे हैं। हम यह साबित करने जा रहे हैं कि सभी भारतीयों के दिलों में प्यार और संवेदना ही राष्ट्र निर्माण का तरीका है।'
सदन में पीएम से गले मिले थे राहुल
लोकसभा में 12 घटे की लंबी और जोरदार बहस के बाद मोदी सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव असफल हो गया था। इस बहस में सत्तारूढ़ और विपक्ष दोनों ने ही गर्मजोशी से बहस की। लेकिन उस क्षण सब हैरान रह गए, जब गांधी ने तीखा भाषण देने के बाद प्रधानमंत्री को अचानक गले लगा लिया था। उन्होंने कहा कि नफरत और लिंचिंग नहीं, बल्कि प्यार व सहिष्णुता भारत के लिए रास्ता तैयार करेगा।
मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा
बता दें कि सदन में सिर्फ 451 सांसद मौजूद थे। जिसमें से मोदी सरकार को दो-तिहाई बहुमत यानी 325 वोट मिले जबकि विपक्ष को 126 वोट ही पड़े। परिणाम आने के बाद एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दरअसल, अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में यानी सरकार के पक्ष में 325 सांसदों का आंकड़ा था। लेकिन मोदी सरकार को 325 वोट ही मिले।