भाजपा विधायक दल की बैठक में मंगलवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए बसवराज एस बोम्मई ( Basavaraj S Bommai) को कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया गया। पर्यवेक्षक के तौर पर कर्नाटक पहुंचे केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भाजपा विधायक दल की बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में बसवराज एस बोम्मई के नाम की घोषणा की।
बेंगलुरु। कर्नाटक में जारी सियासी हलचल के बीच मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया गया। कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज एस बोम्मई (Basavaraj S Bommai) राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। बोम्मई बीएस येदियुरप्पा की जगह लेंगे।
Live Updates:-
बसवराज बोम्मई बुधवार को लेंगे शपथ
कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के तौर पर नियुक्त हुए बसवराज बोम्मई कल (बंधवार) सीएम पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल कार्यालय की ओर से इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
सर्वसम्मति से बोम्मई को चुना गया सीएम: येदियुरप्पा
कर्नाटक के कार्यवाहक सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि हमने सर्वसम्मति से बसवराज एस बोम्मई को भाजपा विधायक दल का नेता चुना है। मैं पीएम मोदी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। पीएम के नेतृत्व में वह (बोम्मई) कड़ी मेहनत करेंगे।
बोम्मई कल ले सकते हैं शपथ: के. सुधाकर
कर्नाटक भाजपा नेता के. सुधाकर ने कहा कि यह फैसला सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से लिया। उन्हें (बसवराज बोम्मई) पार्टी से ही नहीं, पार्टी के बाहर से भी सम्मान मिलता है। बसवराज एस बोम्मई शायद कल शपथ लेंगे।
गरीब और जन समर्थक होगा हमारा शासन: बोम्मई
कर्नाटक के मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद मीडिया से बात करते हुए बसवराज एस बोम्मई ने कहा कि जिस परिस्थिति में उन्हें सीएम चुना गया है यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं गरीबों के कल्याण के लिए काम करने का प्रयास करूंगा। यह जन-समर्थक और गरीब-समर्थक शासन होगा।
नवनियुक्त मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि केंद्र के नेताओं और येदियुरप्पा ने मुझ पर भरोसा जताया है। सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से मुझे चुना है। मैं राज्य के लोगों के समग्र विकास के लिए काम करूंगा।
कर्नाटक के नए सीएम होंगी बसवराज बोम्मई
भाजपा विधायक दल की बैठक में एक बड़ा फैसला लेते हुए बसवराज एस बोम्मई को कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया गया। पर्यवेक्षक के तौर पर कर्नाटक पहुंचे केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भाजपा विधायक दल की बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में बसवराज एस बोम्मई के नाम की घोषणा की।
कर्नाटक के मंत्री बसवराज बोम्मई और जगदीश शेट्टार ने बेंगलुरु में राज्य के भाजपा पर्यवेक्षकों और केंद्रीय मंत्रियों जी किशन रेड्डी और धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की।
अब कर्नाटक के कार्यवाहक मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा राज्य और केंद्रीय मंत्रियों जी किशन रेड्डी और धर्मेंद्र प्रधान के लिए पार्टी के पर्यवेक्षकों के साथ पहुंचे। नेता प्रदेश पार्टी विधायकों की बैठक के लिए पहुंच रहे हैं।
विधायक दल की बैठक से पहले बोम्मई ने येदियुरप्पा से की मुलाकात
कर्नाटक के पूर्व गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने मंगलवार शाम विधायक दल की बैठक से पहले निवर्तमान मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के साथ एक बंद कमरे में बैठक की। बोम्मई को येदियुरप्पा के करीबी विश्वासपात्र के रूप में देखा जाता है, जिन्होंने सोमावर को मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
बोम्मई येदियुरप्पा के आवास पर पहुंचे और उनसे करीब 20 मिनट तक बात की। हालांकि, उन्होंने बातचीत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इस मुलाकात से राजनीतिक हलकों में चर्चा है और कई अफवाहें भी उड़ रही हैं, क्योंकि बोम्मई को येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी के रूप में भी माना जाता है। बैठक के बाद, वह कुमार कृपा गेस्टहाउस गए, जहां केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और किशन रेड्डी, जिन्हें पार्टी आलाकमान ने विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया था, ठहरे हुए हैं।
थोड़ी देर में हो सकता है नए सीएम के नाम का ऐलान
कर्नाटक में जारी सियासी हलचल के बीच केंद्रीय मंत्री और भाजपा पर्यवेक्षक जी किशन रेड्डी और धर्मेंद्र प्रधान बेंगलुरु पहुंच गए हैं। आज शाम पार्टी विधायकों की बैठक होगी। भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले येदियुरप्पा से प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने मुलाकात की।
माना जा रहा है कि आज शाम को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, आज नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकती है। इसमें नए सीएम के तौर पर कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई, कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष विश्वेश्वरा हेगड़े कगेरी और केंद्रीय कोयला खनन मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्रलाद जोशी का नाम सबसे आगे है।
माना जा रहा है कि लिंगायत समुदाय के विधायक ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे और बसवराज बोम्मई सदारा लिंगायत से आते हैं। ऐसे में इनके नाम की घोषणा की पूरी संभावना है।
बता दें कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (Karnataka CM BS Yediyurappa Resigns) ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से राज्य में सियासी हलचल तेज है। अब येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद भाजपा कैबिनेट में एक बड़ा फेरबदल करना चाहती है। ऐसे में कई मंत्रियों की कुर्सी खतरे में नजर आ रही है।
भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी के तमाम विधायक और कर्नाटक के मंत्री बसवराज बोम्मई बेंगलुरु के गेस्ट हाउस पहुंचने लगे हैं। इसी गेस्ट हाउस में केंद्रीय मंत्री और पार्टी पर्यवेक्षक जी किशन रेड्डी और धर्मेंद्र प्रधान ठहरे हुए हैं।