
नई दिल्ली। कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के उस बयान पर विवाद अभी थमा नहीं है, जिसमें उन्होंने कहा कि था कि 2019 के चुनाव बाद प्रधानमंत्री बन सकता हूं। अब केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी को पीएम बनने के नुस्खे देने के साथ तंज भी कसा है। प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र में प्रधानमंत्री वही बनता है, जिसे जनता चुनती है।
अगर पीएम बनना है तो ये काम छोड़िए: रविशंकर प्रसाद
रविशंकर प्रसाद ने तंज भरे लहजे में कहा कि हम जबसे छात्र राजनीति में आए हैं, हमें यही सिखाया गया है कि लोकतांत्रिक देश में पीएम वही बनता है जिसे जनता चुनती है। लेकिन देश में किसी को भी दिवास्वपन देखने पर कोई पाबंदी नहीं है। फिर भी अगर आपको पीएम बनना है तो पहले अपने परिवार का हवाला देना बंद कीजिए। आप कभी अपने खानदान तो कभी अपनी माता जी के त्याग का हलावा देते रहते हैं। देश की जनता आपसे सवाल कर रही है कि आखिर आप हैं क्या? आपकी अगुवाई में आपकी पार्टी बार-बार चुनाव क्यों हार जाती है। राहुल जी आप पहले कांग्रेस को मजबूत कीजिए..प्रधानमंत्री बनने का सपना अभी बहुत दूर है।
मैं प्रधानमंत्री बन सकता हूं: राहुल गांधी
बता दें कि 8 अप्रेल को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि अगर कांग्रेस 2019 लोकसभा चुनाव के बाद सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती है तो मैं प्रधानमंत्री बन सकता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। राहुल ने एक सवाल के जवाब में कहा, 'यह इस बात पर निर्भर करता है कि कांग्रेस कितना अच्छा प्रदर्शन करती है। मेरा मतलब..यदि कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती है, तो यह हो पाएगा।
दूसरी बार जताई पीएम बनने की इच्छा
बता दें कि यह दूसरी बार है, जब राहुल ने अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बहुमत पाने की स्थिति में प्रधानमंत्री बनने की अपनी इच्छा व्यक्त की है। पिछले वर्ष सितंबर में, बर्कले में विद्यार्थियों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा था कि वह प्रधानमंत्री बनने के लिए 'पूरी तरह तैयार' हैं।
मोदी नहीं बनेंगे पीएम: राहुल
'क्या मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनेंगे' के सवाल पर राहुल ने कहा, "मैं पूरी तरह से सहमत हूं कि मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनने वाले हैं..मैं इसे उनके चेहरे पर देख सकता हूं.. वह इस बात को जानते हैं।'