राजनीति

राजनाथ नहीं जा सके अमरनाथ, पहलगाम-बालटाल दोनों रास्तों पर लगी रोक

राजनाथ जम्मू एवं कश्मीर के दो दिवसीय दौरे के समाप्त होने से पहले वह विभिन्न विकास परियोजनाओं, सुरक्षा और कानून एवं व्यवस्था का जायजा लेंगे।
2 min read
Rajnath
राजनाथ नहीं जा सके अमरनाथ, पहलगाम-बालटाल दोनों रास्तों पर लगी रोक

श्रीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को खराब मौसम की वजह से अमरनाथ यात्रा पर नहीं जा सके। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राजनाथ जम्मू एवं कश्मीर के दो दिवसीय दौरे के समाप्त होने से पहले वह विभिन्न विकास परियोजनाओं, सुरक्षा और कानून एवं व्यवस्था का जायजा लेंगे। गौरतलब है कि खराब मौसम के चलते अमरनाथ के दुर्गम रास्तों की मुसीबत और बढ़ गई है। फिलहाल पहलगाम और बालटाल दोनों रास्तों पर यात्रा रोक दी गई है।

राज्यपाल से मिले राजनाथ

उन्होंने बुधवार को राज्यपाल एनएन वोहरा से राजभवन में मुलाकात की। वह यहां राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और केंद्रीय गृह सचिव राजीव गौबा के साथ पहुंचे। हालांकि इस मुलाकात में किन मुद्दों पर बात हुई यह स्पष्ट नहीं है लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और सामान्य प्रशासन पर चर्चा की है। गौरतलब है कि भाजपा के समर्थन वापस लेने के बाद राज्य में पीडीपी के साथ गठबंधन की सरकार गिर गई है तभी से शासन की कमान राज्यपाल के हाथ में है।

सबसे ज्यादा चुनौतियां इस साल

अमरनाथ यात्रियों के लिए यह साल सबसे ज्यादा चुनौतियों वाला साबित हो रहा है। आतंकी हमले की आशंका के बीच शुरू हुई यात्रा को मौसम से जबर्दस्त चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते फिलहाल बालटाल और पहलगाम दोनों ही रास्तों से यात्रा रोक दी गई है। श्रद्धालुओं के जत्थे फंसे हुए हैं। खराब मौसम के चलते यात्रा के दौरान तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मौजूदा मामलों को मिलाकर इस साल मरने वालों की संख्या 11 तक पहुंच चुकी है।

Published on:
05 Jul 2018 11:42 am