14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

छठ पूजा विवाद के बीच मुंबई पुलिस की कार्रवाई, मनसे नेता को भेजा नोटिस, कहा- शांति भंग की तो एक्शन लेंगे

Chhath Puja Controversy: मुंबई में छठ पूजा विवाद के बीच मालाबार हिल पुलिस ने मनसे नेता को नोटिस जारी किया। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 14 Nov 2026, 11:25 AM IST

Mumbai Chhath Puja Controversy

मुंबई पुलिस (Photo: IANS/File)

MNS Chhath Puja row: महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर सियासी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता दिनेश पुंडे को नोटिस जारी किया है। मालाबार हिल पुलिस थाने की ओर से जारी इस नोटिस में उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी ओर से किसी भी तरह से शांति भंग करने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह नोटिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 168 के तहत जारी किया गया है। पुलिस की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी नोटिस में बांणगंगा तालाब परिसर में छठ पूजा या किसी अन्य धार्मिक विधि के आयोजन को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया गया है।

बांणगंगा तालाब में छठ पूजा को लेकर पुलिस ने दी हिदायत

मालाबार हिल पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कुंडलिक गाडवे की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि बांणगंगा तालाब परिसर में छठ पूजा अथवा किसी भी तरह की धार्मिक विधि के आयोजन को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार प्रतिबंध लागू हैं। धार्मिक गतिविधियों के कारण होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए अदालत ने निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि संबंधित स्थान पर नियमों के अनुसार व्यवस्था लागू की जाएगी। किसी भी तरह से शांति भंग करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नोटिस की शर्तों का उल्लंघन करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छठ पूजा के मुद्दे पर राज ठाकरे ने बीजेपी को घेरा

दूसरी ओर, छठ पूजा को लेकर मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भाजपा (BJP) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर महाराष्ट्र में सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विवाद पैदा करने की कोशिश कर रही है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए राज ठाकरे ने कहा कि बीजेपी और उसके समर्थन में सक्रिय सोशल मीडिया तंत्र छठ पूजा के मुद्दे का इस्तेमाल मुंबई और महाराष्ट्र में टकराव पैदा करने के लिए कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर छठ पूजा के रीति-रिवाजों से जुड़े वीडियो प्रसारित कर उन्हें सांस्कृतिक अतिक्रमण के रूप में पेश किया जा रहा है। मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने को लेकर भी उन्होंने आपत्ति जताई और कहा कि मनसे ने इसका विरोध किया था।

उत्तर भारतीयों और गुजरातियों से राज ठाकरे की अपील

राज ठाकरे ने उत्तर भारतीय और गुजराती समुदायों से बीजेपी की राजनीति को समझने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपने राजनीतिक फायदे के लिए मराठी और अन्य भाषाई समुदायों के बीच टकराव पैदा कर रही है।

उन्होंने बीजेपी पर 'बांटो और राज करो' की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय अलग-अलग मुद्दों के जरिए समाज में तनाव पैदा किया जाता है। राज ठाकरे ने मराठी लोगों से अपील की कि वे बीजेपी की ओर से तय किए जा रहे मुद्दों पर आपस में विवाद न करें और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा करें। इससे कोई समझौता नहीं किया जा सकता।