राजनीति

तेलंगानाः आज से केसीआर शुरू करेंगे चुनावी प्रचार, 50 दिन में होगी 100 रैली

तेलंगाना विधानसभा चुनाव को लेकर आज चुनाव आयोग करेगा बैठक। चार राज्यों के साथ चुनाव कराने पर बन सकती है बात।
2 min read
• •
Updated: 7 Sep 2018, 10:48 AM IST
kcr
तेलंगानाः आज से केसीआर शुरू करेंगे चुनावी प्रचार, 50 दिन में 100 क्षेत्रों में होगी रैली

नई दिल्ली। तेलंगाना राष्ट्र समिति के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने गुरुवार को बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। केसीआर ने तेलंगाना विधानसभा को भंग किए जाने की सिफारिश की थी, राज्यपाल ने तेलंगाना विधानसभा भंग करने की सिफारिश को मान लिया है, साथ ही केसी राव को कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में पद पर बने रहने को कहा है। विधानसभा के भंग होते ही केसीआर ने अपनी सुनियोजित रणनीति के तहत एक बार फिर चुनावी मैदान संभाल लिया है।

आज से ही शुरू कर दिया चुनाव प्रचार
इस्तीफा देने के अगले दिन यानि आज से केसीआर ने चुनाव प्रचार की तैयारी कर ली है। जानकारों की माने तो केसीआर अगले 50 दिनों में लगभग 100 विधानसभा क्षेत्रों में रैली को संबोधित करेंगे। केसीआर की पहली रैली हुस्नाबाद में होगी। आपको बता दें कि 2014 में भी उन्होंने यहीं से ही अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। इसके साथ ही राव ने 105 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।

तेलंगाना पर चुनाव आयोग की अहम बैठक आज
तेलंगाना विधानसभा चुनाव पर चर्चा को लेकर चुनाव आयोग आज बैठक करने वाला है। इस बैठक में चुनाव आयोग कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा कर सकता है। माना जा रहा है कि तेलंगाना में चुनाव मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम के साथ कराए जा सकते हैं।

प्रचार से पहले ही छोड़े चुनावी बाण
केसीआर ने अपने चुनावी प्रचार से पहले विरोधी कांग्रेस पर चुनावी बाण चलाने शुरू कर दिए। राव ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर भड़ास निकाली। कांग्रेस पर तीखा बोलते हुए केसीआर ने राहुल गांधी को सबसे बड़ा विदूषक तक कह डाला। राव ने कांग्रेस को तेलंगाना का सबसे बड़ा दुश्मन करार दिया है और टीआरएस सरकार के खिलाफ आधारहीन और अर्थहीन आरोप लगाने के लिए उसकी आलोचना की।

ओवैसी को बताया दोस्त
राव ने हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम को मित्र पार्टी बताया और कहा कि टीआरएस उसके साथ काम करती रहेगी। राव ने हालांकि साफ किया कि टीआरएस विधानसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी। राव ने टीआरएस राज्य की 119 सीटों में 100 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी। 120 सदस्यीय विधानसभा में एक मनोनीत सदस्य भी हैं।

Published on: