राजनीति

अरविंद केजरीवाल का मोदी पर हमला, ट्वीट कर कहा- हिंदुओं के बच्‍चों को दिलवा दीजिए रोजगार

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि वह भारत को नंबर एक देश बनाना चाहते हैं? तो क्‍या वह हिंदू मुसलमान कर देश को नंबर वन बनाएंगे?
2 min read
• •
Updated: 15 Jul 2018, 6:26 PM IST
arvind kejriwal prime minister narendra modi congress rahul gandhi tweet
अरविंद केजरीवाल का मोदी पर हमला, ट्वीट कर कहा- हिंदुओं के बच्‍चों को दिलवा दीजिए रोजगार

नई दिल्ली : शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्‍तर प्रदेश के आजमगढ़ में कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए उसे 'मुस्लिम पार्टी' करार दिया था। उनके इस ताना पर दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर भाजपा पर कटाक्ष किया है। उन्‍होंने ट्वीट किया- भाजपा कहती है कि वो हिंदुओं की पार्टी है। तो कम से कम हमारे हिंदुओं के बच्चों की ही नौकरी लगवा दो? हिंदुओं के बच्चों को ही अच्छी शिक्षा दिलवा दो? किसी के लिए कुछ तो करो।

आलोक अग्रवाल को मध्‍य प्रदेश के लिए पार्टी के मुख्‍यमंत्री पद का उम्‍मीदवार नामित किया
बता दें कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने इंदौर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह घोषणा की कि मध्‍य प्रदेश में उनकी पार्टी से मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री पद के लिए आलोक अग्रवाल उम्‍मीदवार होंगे। उन्‍होंने यह भी कहा कि मोदी जी ने कल आजमगढ़ में कहा था कि कांग्रेस मुसलमानों की पार्टी है और बीजेपी हिंदुओं की। मैं समझ गया हूं कि 4 साल बाद अगर उन्हें हिंदु-मुसलमान करना पड़ रहा है तो 4 साल में उन्‍होंने जीरो काम किया है।

पीएम से पूछा हिंदू मुसलमान कर देश नंबर वन बनेगा
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि वह पूरे सम्‍मान के साथ प्रधानमंत्री से पूछना चाहते हैं कि कि वह भारत को नंबर एक देश बनाना चाहते हैं? अगर बनाना चाहते हैं तो क्या ये हिंदु-मुसलमान करके भारत नंबर वन देश बनेगा?

पूरी दुनिया टेक्‍नोलॉजी पर बात कर रही है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज अमरीका नैनो टेक्‍नोलॉजी की बात कर रही है। जापान, फ्रांस, इंग्लैंड आदि देश बड़ी टेक्नॉलजी पर काम कर रहे हैं और हमारे प्रधानमंत्री हिंदु-मुसमलान की बात कर रहे हैं। पूरी दुनिया 5जी की बात कर रही है और हमारे देश में 3जी भी काम नहीं कर रहा है।

शनिवार को प्रधानमंत्री ने किया था कांग्रेस पर हमला
बता दें कि शनिवार को आजमगढ़ में रैली में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर तीन तलाक पर अड़ंगा लगाने का आरोप लगाया था। उन्‍होंने कहा था कि कांग्रेस मुसलमानों की पार्टी है, मैं पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस सिर्फ मुस्लिम पुरुषों की पार्टी है या मुस्लिम महिलाओं की भी है? इस पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा था कि वह भी तीन तलाक पर बैन के पक्षधर हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री पर राजनीति के स्तर को नीचे ले जाने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने कहा था कि 'प्रधानमंत्री पूरे भारत का होता है, न कि सिर्फ भाजपा का।

Published on: