22 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

500 करोड़ के आरोप पर मनोज जरांगे का बड़ा दावा, सुनाया ऑडियो क्लिप, बोले- मेरे खिलाफ रचा जा रहा भयंकर षड्यंत्र

Manoj Jarange audio clip: मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने कथित भाजपा बैठक की ऑडियो क्लिप चलाकर 500 करोड़ रुपये के मामले में सबूत होने का दावा किया है। मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता ने विरोधियों पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं।
2 min read
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Oct 22, 2026

Manoj Jarange audio clip

एकनाथ शिंदे और मनोज जरांगे (Photo: IANS/File)

Manoj Jarange 500 crore allegation: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल की ओर से लगाए गए 500 करोड़ रुपये के आरोपों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पिछले दो दिनों से इस मामले पर चर्चा जारी है। इसी बीच जरांगे ने कथित तौर पर भाजपा की एक बैठक की ऑडियो क्लिप चलाते हुए इसे अपने आरोपों का सबूत होने का दावा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार से इस मामले में ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है ताकि मराठा समाज के संघर्ष को कमजोर किया जा सके। हालांकि, ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

'मराठा आंदोलन को बदनाम करने की साजिश'

मनोज जरांगे ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और मराठा आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि मराठा समाज के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है और आंदोलन को बदनाम करने के लिए उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है।

जरांगे के मुताबिक, इस कथित साजिश के पीछे कौन लोग हैं, यह उनके समाज के सामने आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मराठा आंदोलन को दबाना चाहते हैं।

मराठा समाज से बोले जरांगे- हर शब्द पर ध्यान दें'

जरांगे ने मराठा समाज से अपील की कि वह इस मामले में सामने आने वाली हर बात पर बारीकी से ध्यान दे। उन्होंने कहा कि चुनाव, आंदोलन और अनशन के दौरान अलग-अलग तरह की साजिशें रची गईं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में गरीब लोगों के लिए अपने हक की लड़ाई लड़ना मुश्किल होता जा रहा है। जरांगे ने दावा किया कि उनके खिलाफ चल रही कथित गतिविधियों से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एकनाथ शिंदे का जिक्र कर ऑडियो क्लिप चलाई

मनोज जरांगे ने अपने बयान में एकनाथ शिंदे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिंदे ने पैसे लेने और देने से इनकार किया था। इसके बाद जरांगे ने सवाल उठाया कि यदि ऐसा है, तो उनके खिलाफ इतनी बड़ी साजिश क्यों रची गई?

इसके बाद उन्होंने एक ऑडियो क्लिप चलाते हुए दावा किया कि यह उनके आरोपों से जुड़े सबूतों में से एक है। जरांगे ने कहा कि वह इस मामले में सामने आ रही बातों को मराठा समाज के सामने रखना चाहते हैं।

भाजपा की बैठक की बताई जा रही है ऑडियो क्लिप

सामने आई जानकारी के मुताबिक, जरांगे जिस ऑडियो क्लिप का हवाला दे रहे हैं, उसे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की एक कॉन्फ्रेंस मीटिंग का बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि बैठक के दौरान भाजपा की आईटी सेल से जुड़ी एक महिला सदस्य ने श्रीकांत शिंदे के माध्यम से मनोज जरांगे तक 500 करोड़ रुपये पहुंचने की बात कही थी।

हालांकि, इस कथित बातचीत और आरोपों की 'पत्रिका' पुष्टि नहीं करता है। ऑडियो क्लिप की वास्तविकता, उसमें मौजूद आवाजों की पहचान और बातचीत के पूरे संदर्भ की पुष्टि होना बाकी है।

देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार से हस्तक्षेप की मांग

मनोज जरांगे ने इस पूरे मामले में देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार से ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मराठा समाज को इस मामले की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए और उनके खिलाफ कथित साजिश को सामने लाया जाना चाहिए।

फिलहाल 500 करोड़ रुपये के आरोप और कथित ऑडियो क्लिप को लेकर राजनीतिक चर्चा जारी है। इस मामले पर सत्तारूढ़ महायुति के नेता क्या कहते है, इस पर सभी की नजरें टिकी है।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग