
कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार का वीडियो वायरल. Photo- X
Rajasthan Panchayat Chunav 2026: झुंझुनूं/बुहाना। चुनावी सभाओं में नेता आमतौर पर सड़क, पानी, बिजली और अन्य विकास कार्यों के वादे करते हैं। लेकिन सूरजगढ़ से कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार का एक अलग ही अंदाज इन दिनों चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विधायक कथित तौर पर छोरा की सगाई करवा दूंगा कहते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके में आयोजित चुनावी सभा का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार विधायक श्रवण कुमार एक प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि गांव के लोग कोई भी काम बताएं वह उसे पूरा करवाने की कोशिश करेंगे। यहां तक कि किसी लड़के की सगाई करवानी हो, तो वह भी करवा देंगे। विधायक श्रवण कुमार का यह कथित बयान सुनकर सभा में मौजूद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी वीडियो में दिखाई दे रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहा है और इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि राजस्थान पत्रिका इस वायरल वीडियो की की पुष्टि नहीं करता है।
इससे पहले झाझड़ गांव की निवासी और सरपंच पद की उम्मीदवार अनीता सैनी भी कुंवारे युवकों की शादी करवाने के बयान को लेकर चर्चा में आई थीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। अनीता सैनी ने कहा कि गांव में यदि किसी युवक की शादी नहीं हो पा रही है और उसे दुल्हन मिलने में समस्या आ रही है, तो चुनाव जीतने के बाद उसका विवाह कराने की पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी।
अनीता ने दावा किया कि इस काम के लिए अगर उन्हें किसी दूसरे गांव जाकर एक-दो दिन रुकना पड़े या दूसरे राज्यों तक सफर भी करना पड़े, तो वे पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने मंच से यह भी कहा अगर जरूरत पड़ी तो वह शादी के लिए पूरे गांव से बरात की विशेष ट्रेन तक बुक करवाकर ले जाएंगी, लेकिन युवकों का विवाह निश्चित रूप से संपन्न करवाकर ही रहेंगी।
Updated on:
22 Oct 2026 02:59 pm
Published on:
22 Oct 2026 02:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
