
नई दिल्ली। दरभंगा सांसद कीर्तिवर्धन भागवत झा आजाद (कीर्ति आजाद) पर बिहार सरकार के एक अफसर ने काफी गंभीर आरोप लगाए हैं। दरभंगा डीएम के ओएसडी और डीसीएलआर पद पर कार्यरत पुष्पेश कुमार ने कहा कि कीर्ति आजाद ने फोन पर उन्हें गाली और धमकी दी है। उन्होंने मीडिया से कहा कि नीतीश कुमार के एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्होंने दरंभगा सांसद को फोन किया था। लेकिन, बात सुनने के बजाय वह अफसर पर बिगड़ गए और उनके साथ गंदी बात की।
'चार जूते मारने की धमकी'
ओएसडी पुष्पेश कुमार का आरोप है कि सांसद ने न सिर्फ उन्हें गाली दी ,बल्कि औकात में रहने की धमकी दी। उन्होंने बताया, 'कार्यक्रम के लिए मैनें सांदस कीर्ति आजाद को फोन किया, लेकिन वह मुझ पर बिगड़ गए और कहा कि तुम्हारी औकात कैसे हुई मुझे फोन करने की। मैं यहां 20 सालों से सांसद हूं, तुम्हें चार जूता मारूंगा। तुम मेरे पीए से बात करो।' वहीं, इस धमकी से आहत होकर बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पुष्पेश कुमार ने इसकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, दरभंगा जिलाधिकारी समेत निर्वाचन आयोग और मानवाधिकार आयोग में भी की है।
कीर्ति आजाद ने दी यह सफाई
इधर, गंभीर आरोप लगने के बाद कीर्ति आजाद ने भी अपनी सफाई दी। कीर्ति आजाद ने इस पूरे मसले पर हैरानी जताते हुए ऐसी किसी भी घटना से इंकार किया है। कीर्ति आजाद ने कहा है कि पदाधिकारी या तो उनसे माफी मांगे या फिर मानहानि के लिए तैयार रहे। वहीं, बिहार प्रशासनिक सेवा संघ ने इस घटना पर नाराजगी जतायी है और एक आपात बैठक बुलायी है। बता दें कि कीर्ति आजाद द्वारा अधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले बिहार में बाढ़ के दौरान कीर्ति आजाद पर दरभंगा के बिरौल अनुमंडल के एसडीओ के साथ सार्वजनिक रुप से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लग चुका है।
गौरतलब है कि सांसद कीर्ति आजाद अपनी पार्टी भाजपा से इन दिनों निलंबित चल रहे हैं। उनपर कई तरह के गंभीर आरोप लगे हैं। इस बीच चर्चा यह भी है कि कीर्ति आजाद कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। आपको बता दें कि इनके पिता भागवत झा आजाद बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।