27 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

MLC Election Result: महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर मतगणना जारी, पुणे में आधी रात के बाद आ सकते हैं नतीजे

Maharashtra MLC Election Result: महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए आज सुबह से मतगणना हो रही है। चुनाव परिणाम को लेकर उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की उत्सुकता बढ़ गई है। पुणे विभाग की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों पर मतगणना की प्रक्रिया जटिल होने के कारण अंतिम नतीजे आने में देर हो सकती है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 27 Oct 2026, 12:38 PM IST

Maharashtra MLC Election Results

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: 5 सीटों पर वोटों की गिनती जारी (Photo: IANS/File)

Maharashtra Legislative Council Election Result: महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों के लिए मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसे लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। विशेष रूप से पुणे संभाग के स्नातक (Graduate) और शिक्षक (Teacher) निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना को लेकर जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि, मतगणना की प्रक्रिया जटिल होने के कारण अंतिम नतीजे आने में देर हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि अंतिम परिणाम आने में देर रात हो सकती है। जबकि कुछ परिस्थितियों में मतगणना बुधवार तक भी जारी रह सकती है। पुणे संभाग में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना कुल 100 टेबलों पर की जा रही है, वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 42 टेबल लगाए गए हैं।

जटिल प्रक्रिया और वरीयता वोटों का गणित

पुणे संभाग के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना की प्रक्रिया सामान्य चुनावों से अलग और तकनीकी है। शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतपत्रों (Ballot Papers) की संख्या काफी अधिक है। जीत का कोटा केवल वैध वोटों के आधार पर ही तय किया जाता है। यदि पहली वरीयता (First Preference) की गिनती में किसी उम्मीदवार को निर्धारित कोटा हासिल नहीं होता है, तो अगली वरीयताओं के वोटों की गिनती करनी पड़ती है। इसी तकनीकी और पेचीदा प्रक्रिया के कारण मतगणना पूरी होने और अंतिम परिणाम घोषित होने में लंबा समय लगना तय माना जा रहा है।

अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

पुणे संभाग निर्वाचन क्षेत्र में पुणे, सातारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर जिले शामिल हैं। मतगणना की तैयारी के तहत सोमवार को मतगणना केंद्र में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में विभाग के पांचों जिलों के जिलाधिकारी और सहायक निर्वाचन निर्णय अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अपर जिलाधिकारी एवं महाऊर्जा के अतिरिक्त महानिदेशक अरुण आनंदकर ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। वहीं, सहआयुक्त संजय पलांडे ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना से जुड़े अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया की जानकारी दी।

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 2.43 लाख से अधिक मतदान

पश्चिम महाराष्ट्र के पांच जिलों में हुए मतदान के आंकड़ों के अनुसार, पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 3,88,019 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 2,43,521 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

वहीं, पुणे संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 61,940 मतदाताओं में से 53,184 ने मतदान किया।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण मतपत्रों की गिनती एक बड़ी प्रक्रिया होगी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी मतपत्रों की तकनीकी जांच और मतगणना के विभिन्न चरणों के चलते परिणाम आने में समय लग सकता है।

आधी रात तक नतीजों का इंतजार संभव

मतपत्रों की गिनती, वैध मतों की गणना, जीत का कोटा निर्धारित करने और जरूरत पड़ने पर अगली वरीयता के मतों की गिनती जैसे चरणों के कारण परिणाम घोषित होने में देरी की संभावना है। ऐसे में उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को अंतिम नतीजों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग