
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के अंतिम चरण में भी पश्चिम बंगाल में हिंसा जारी है। बशीरहाट संसदीय क्षेत्र में जहां टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा बम फेंकने और आगजनी की घटना सामने आई है। वहीं बीरभूम से भाजपा प्रत्याशी अनुपम हाजरा की गाड़ी पर जादवपुर में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमला बोल दिया। वहींं बंगाल के भाटपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में आज चुनाव से कुछ देर पहले ही हिंसा भड़क गई। भाटपाड़ा में गाड़ियों में आग लगाने और बम फेंके जाने की सूचना है।
टीएमसी पार्षद और भाजपा नेता नजरबंद
भाजपा ने आरोप लगाया है कि टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। पश्चिम बंगाल बारासात संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले न्यूटाउन इलाके के कदम्पुकुर में भी हिंसा की खबर है। कोलकाता में टीएमसी के पार्षद सुभाष बोस को हिरासत में लिया गया है जबकि बिधाननगर में भाजपा नेता अनुपम दत्ता को भी नजरबंद किया गया है।
बता दें कि बंगाल में पहले दौर के मतदान से लेकर आखिरी दौर तक हर बार टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर झड़प हुई है।