
नई दिल्ली। चुनाव आयोग (ईसी) इस बार आचार संहिता को लेकर पहले से ज्यादा सख्त है। सीएम योगी, बसपा प्रमुख मायावती, सपा नेता आजम खान और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के चुनाव प्रचार पर रोक लगाने के बाद अब ईसी की गाज भाजपा गुजरात इकाई के अध्यक्ष जीतू वघानी पर गिरी है। ईसी ने वघानी के चुनाव प्रचार पर 72 घंटे की रोक लगाई है।
वघानी पर है चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप
गुजरात भाजपा अध्यक्ष वधानी पर प्रतिबंध दो मई को शाम चार बजे से लागू होगा। जानकारी के मुताबिक 7 अप्रैल को सूरत के अमरोली में पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने विरोधी पार्टियों के नेताओं के लिए अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया था। शिकायत मिलने पर वघानी की भाषा को आयोग ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए 72 घंटे तक देश के किसी भी हिस्से में जनसभा, रोड शो आदि में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी है।
आजम खान के प्रचार पर फिर लगा प्रतिबंध
अपनी बदजुबानी के लिए चर्चित सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान पर आयोग ने एक बार फिर प्रतिबंध लगा दिया है। इस बार चुनाव आयोग ने उन पर 48 घंटे का प्रतिबंध लगाया है। जिसकी समय सीमा एक मई को सुबह छह बजे से प्रारंभ होगी। उन पर यह प्रतिबंध 7 अप्रैल को टांडा की एक जनसभा में आजम अमर्यादित भाषा और 16 अप्रैल को डीएम पर अमर्यादित टिप्पणी भरा एक वीडियो वायरल होने पर लगाया है। वायरल वीडियो में आजम ने डीएम के लिए तन्खैया जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया, वहीं मायावती के समय में अधिकारियों की जी-हुजूरी को भी अमर्यादित शब्दों में कहा था।
Indian Politics से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..
Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download patrika Hindi News App.