
मुंबई। महाराष्ट्र में के रायगढ़ जिले के एमआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में मौजूद एक इमारत में शुक्रवार को हुए भीषण धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई। इस धमाके में शुरुआत में 17 मजदूरों के घायल होने की सूचना सामने आई थी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मौजूद भागड़ में एमआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया है। इस औद्योगिक क्षेत्र की एक इमारत में क्रिप्टजो इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक फैक्ट्री चलती है।
शुक्रवार को दिन में जब आम दिनों की तरह यहां कर्मचारी काम कर रहे थे, इस फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में कम से कम 17 मजदूरों के घायल होने की खबर सामने आई।
घायलों को आनन-फानन में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग का वाहन, दमकलकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचीं। तुरंत ही राहत-बचाव कार्य चालू किया गया।
हालांकि अस्पताल में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं, पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई।