
नई दिल्ली। हरियाणा के जींद विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत हुई है। पहली बार इस सीट पर कमल खिला है। इस जीत से भाजपा के सभी नेता बेहद खुश हैं। वहीं, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी जीत से गदगद नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस जीत के बाद यहां तक कहा कि अगर केन्द्र इशारा कर दे तो लोकसभा के साथ-साथ यहां विधानसभा चुनाव भी संभव है।
जींद में जीत से गदगद खट्टर का बड़ा बयान
एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में खट्टर ने कहा कि दूसरे राजनीतिक दलों ने इस चुनाव को जातिवाद की तरफ धकेलने का भरपूर प्रयास किया। लेकिन, जनता समझदार है। जनता ने सरकार के अब तक के कार्यों, केंद्र सरकार की नीतियों और सरकार की पारदर्शी व भ्रष्टाचार रहित नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि हमने हरियाणा में पूरा विकास किया है। पूरे प्रदेश में समान पारदर्शी ढंग से नौकरियां लगीं। उन्होंने कहा कि अब सभी लोकसभा सीटें जीतेंगे। दरअसल, सीएम का यह इशार पांच नगर निगमों और जींद के रण में बनी हवा का फायदा लेने का है।
लोकसभा-विधानसभा चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान
हालांकि, सीएम ने यह भी कहा कि अभी ऐसा नहीं लगता है कि लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव होंगे लेकिन, अगर केंद्र सरकार की तरफ से कोई निर्देश, विषय या सलाह आती है तो एक साथ चुनाव कराने पर विचार किया जा सकता है। इतना तय है कि इन चुनाव नतीजों का भविष्य में होने वाले चुनावों पर असर जरूर पड़ेगा। खट्टर के इस बयान से साफ स्पष्ट है कि विगत जीत से पार्टी बेहद उत्साहित है और इसे लोकसभा चुनाव में भुनाना चाहती है।