
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रामलीला मैदान में रविवार की रैली पर तंज कसते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुली बहस की चुनौती दी थी। अब दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मोर्चा संभालते हुए केजरीवाल को बूथ लेवल कार्यकर्ताओं से डिबेट की चुनौती दे डाली।
मनोज तिवारी ने ट्वीट करते हुए कहा 'केजरीवाल जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री आप, काम आपको करने है। आपको पब्लिक डिबेट का बहुत शौक़ है ना - भाजपा दिल्ली के किसी कार्यकर्ता को चुन लीजिए, आपकी नाकामियों की फेहरिस्त इतनी लंबी है की हमारे बूथ का साधारण कार्यकर्ता भी आपको नि:शब्द कर देगा। जगह आपने चुन ही ली है, समय भी बता दीजिए'।
एक अन्य ट्वीट करते हुए मनोज तिवारी ने केजरीवाल सरकार को घेरा। ट्वीट में लिखा 'केजरीवाल जी, दिल्ली की जनता ने आपको बड़ी उम्मीद से चुना था, पर आपने उनके विश्वास को तार-तार कर दिया। रोज़ नया झूठ,काम ना करने के नए बहानों के अलावा आपने 4 सालों में कुछ नहीं किया। केंद्र सरकार ने 1,600 अनाधिकृत कालोनियों के नियमितीकरण को संवैधानिक स्वीकृति दी, आपने कुछ नहीं किया!’
मनोज तिवारी यहीं नहीं रुके। आगे एक और ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा 'आपने मेट्रो के काम को बाधित किया, जिससे लोगों को असुविधा हो रही है, पर केंद्र के प्रयासों से उसे पूरा किया जा रहा है। 2014 में केंद्र ने दिल्ली के बिजली पानी के मूल भूत ढांचे को सुधारने के लिए 526 करोड़ रुपये का योगदान दिया, क्या किया आपने उसे धनराशि का? हिसाब दिया जनता को? नहीं!’ इसके अलावे सीलिंग को लेकर केजरीवाल सरकार को जिम्मेदार ठहराया। अपने अगले ट्वीट में मनोज तिवारी ने लिखा 'सीलिंग के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार ने अनेक राहत भरे कदम उठाए, पर केजरीवाल जी आपकी सरकार ने सर्वोच न्यायालय में ग़रीब का पक्ष रखने में कोताही दिखायी।दिल्ली मेरठ हाइवे हो या ईस्टर्न कोरिडोर अथवा दिल्ली की अन्य सड़क योजनाए, सबके लिए केंद्र ने करोड़ों रुपए ख़र्च किए। आपने क्या किया?’
आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी केजरीवाल पर निशाना साधा। गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल ने फिर बड़ा झूठ बोला! केजरीवाल जी, मैं आपको चैलेंज देता हूं। आप दिल्ली विधानसभा का सत्र बुला लीजिए। वहां तो आपके 70 में से 66 विधायक है। मैं आपके झूठे विकास की पोल खोलूंगा दिल्ली की जनता के सामने।'