
नई दिल्ली। यौन शोषण के खिलाफ शुरु हुआ #MeToo अभियान बॉलीवुड के बाद अब राजनीति और खेल जगत में भी दिखने लगा है। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर महिला पत्रकार ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया तो राजनीति में खलबली मच गई। सोशल मीडिया पर मोदी सरकार और विदेश मंत्रालय को लेकर लोगों ने लिखना शुरु कर दिया लेकिन अबतक इस मामले पर एमजे अकबर और उनके मंत्रालय ने कोई सफाई नहीं दी है। खुद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली है।
जूनियर पर आरोप, विदेश मंत्री चुप
मंगलवार को विदेश मंत्रालय में आयोजित इंडिया फॉर ह्यूमेनिटी पहल का शुभारंभ हुआ। इसके बाद जब स्वराज से पत्रकारों ने #MeToo अभियान और उनके जूनियर एमजे अकबर को लेकर सवाल पूछा तो विदेश मंत्री बगैर कुछ कहे आगे बढ़ गईं। वहीं सांसद उदित राज ने मी टू अभियान पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं कथित घटना के 10 साल बाद अपनी कहानियों के साथ क्यों आ रही हैं और उन्होंने इसे एक 'गलत चलन' की शुरुआत करार दिया।
विदेश राज्य मंत्री पर यौन शोषण का आरोप
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर महिला पत्रकार ने यौन शौषण के आरोप लगाए हैं। प्रिया रमानी नाम की पत्रकार ने ट्वीट कर इसका खुलासा किया। उन्होंने लिखा कि एमजे अकबर ने होटल के कमरे में इंटरव्यू के दौरान कई महिला पत्रकारों के साथ आपत्तिजनक हरकतें की हैं। रमानी ने ट्विटर पर एक लिंक पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने यह आर्टिकल एमजे अकबर के लिए लिखा था। आर्टिकल में एमजे अकबर पर कई संगीन आरोप लगाए गए हैं। बता दें कि एमजे अकबर कई अखबार और पत्रिकाओं में संपादक पद पर रह चुके हैं।
'मी टू' अभियान को मेनका गांधी का समर्थन
एमजे अकबर पर खुलासे से पहले केंद्रीय महिला बाल कल्याण मंत्री मेनका गांधी ने भारत में 'मी टू' अभियान के शुरू होने पर खुशी जताई और कहा कि इस अभियान का इस्तेमाल बदले की कार्रवाई या किसी को निशाना बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई महिला अपने साथ हुए दुराचार की शिकायत कभी भी करा सकती है। मेनका ने कहा कि भारत में अब 'मी टू' अभियान की शुरुआत हो गई है। यह देखकर मैं बहुत खुश हूं। मुझे उम्मीद है कि इस अभियान का इस्तेमाल किसी को निशाना बनाने या बदला लेने के लिए नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि महिलाएं जिम्मेदार हैं और यौन उत्पीड़न पर उनका गुस्सा कभी कम नहीं होना चाहिए। मेनका गांधी ने कहा कि यौन उत्पीड़न की घटना महिलाओं को हमेशा याद रहती है कि ऐसी हरकत किसने की। यही कारण है कि हमने कानून मंत्रालय को लिखा है कि यौन उत्पीड़न की शिकायत किसी भी समय दर्ज कराने की व्यवस्था होनी चाहिए। कुछ लोगों ने द्वारा 'मी टू' अभियान के तहत खुलासे पर कहा जा रहा है कि महिलाओं के साथ जब इस वारदात को अंजाम दिया गया तब क्यों नहीं कहा कि...इस सवाल पर मेनका गांधी ने कहा कि महिलाएं 10-15 साल बाद या कभी भी अपने साथ हुई यौन उत्पीड़न की घटना की शिकायत दर्ज करा सकती हैं। यह मायने नहीं रखता कि कितने वर्ष बाद शिकायत दर्ज करा रही हैं। शिकायत दर्ज कराने का रास्ता हमेशा खुला है।