
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में भाजपा और पीडीपी गठबंधन की सरकार गिर चुकी। मंगलवार को भाजपा ने पीडीपी से गठबंधन तोड़ लिया और दोपहर को महबूबा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। कल दिन जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली के सियारी गलियारों तक हलचल मचाती रही है। वहीं, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार महबूबा मुफ्ती ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा जिस वक्त भाजपा ने उनकी पार्टी के साथ गठबंधन तोड़ा, उस वक्त वो सिविल सचिवालय में बैठी थी।
काम में व्यस्त थीं महबूबा मुफ्ती
पीडीपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि वह अपने ऑफिस में ढेर सारी महत्वपूर्ण फाइलें देख रहीं थी। उन्हें इस बात की बिल्कुल ही भनक नहीं थी कि गठबंध टूटने जा रहा है। नेता ने बताया कि पार्टी के किसी भी नेता से लेकर महबूबा मुफ्ती को गठबंधन टूटना का कोई संकेत तक नहीं था। जानकारी के मुताबिक, महबूबा मुफ्ती को मीडिया के माध्यम से इस बात की जानकारी मिली। ठीक करीब-करीब उसी वक्त जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव भरत भूषण व्यास ने भी उन्हें गठबंधन टूटने की यह जानकारी दी।
सूचना मिलने के कुछ ही देर बाद मुफ्ती ने भेज दिया इस्तीफा
पीडीपी के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने बताया कि समर्थन वापसी की जानकारी के बाद महबूबा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को तुंरत अपने ऑफिस बुलाया। इस दौरान संक्षिप्त में बातचीत हुई और इसके बाद महबूबा ने अपना निवास छोड़ दिया। महबूबा ने अपने आवास पर वरिष्ठ पार्टी नेताओं के अलावा मंत्रियों संग भी बैठक की। इसके बाद उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल एनएन वोहरा को फैक्स के जरिए भेज दिया। उसी समय दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और 24 घंटे पहले तक जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री रहे कविंदर गुप्ता ने महबूबा मुफ्ती को अपना इस्तीफा भेज दिया। गौरतलब है कि सरकार गिरने के बाद तत्काल प्रभाव से वहां राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया है।