राजनीति

Modi Cabinet Expansion: तीन दिन में हो सकता है मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार, 17-22 नेताओं को कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना

Modi Cabinet Expansion: अगले तीन दिनों में (6 से 8 जुलाई के बीच) मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। कैबिनेट विस्तार में ज्यातिरादित्य सिंधिया, सुशाली मोदी, पशुपति पारस, अनुप्रिया पटेल आदि कई चेहरों को जगह मिल सकती है।

3 min read
Jul 05, 2021
pm_modi_cabinet_expansion.jpg
Modi Cabinet May Be Expansion In 6-8 july, 17-22 Leaders To Be Included In Cabinet

नई दिल्ली। अगले साल फरवरी-मार्च में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले ही सभी पार्टियां सियासी समीकरण बनाने में जुट गई हैं। केंद्र की मोदी सरकार भी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी रणनीति के तहत कैबिनेट विस्तार करने वाली है।

माना जा रहा है कि अगले तीन दिनों में (6 से 8 जुलाई के बीच) मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। ऐसे में कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है। सबसे खास बात कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाले हैं वहां के मतदाताओं को साधने के लिए अधिक से अधिक प्रतिनिधियों को कैबिनेट में जगह मिलने की संभावना अधिक है।

मोदी कैबिनेट में 28 मंत्री पद खाली

सूत्रों के मुताबिक, 17 से 22 सांसद मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। मोदी कैबिनेट में अभी 28 मंत्री पद खाली हैं। कैबिनेट विस्तार को लेकर पीएम मोदी ने 2 दिन तक गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ बैठकें की हैं। मालूम हो कि वर्तमान में केंद्रीय मंत्रिमंडल में 53 मंत्री शामिल हैं और विस्तार के बाद कुल 81 सदस्य तक हो सकते हैं। मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार में एनडीए के सहयोगी जेडीयू, एलजेपी के अलावा अपना दल के सांसद को शामिल किया जा सकता है।

यूपी-बिहार-मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों से हो सकते हैं अधिक मंत्री

आपको बता दें कि 2022 में पांच राज्यों (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर) में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में अधिक संभावना है कि इन राज्यों से अधिक प्रतिनिधियों को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और जम्मू-कश्मीर व लद्दाख समेत अन्य राज्यों से नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश :- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 भाजपा के लिए काफी अहम है। ऐसे में यहां से मोदी कैबिनेट में अधिक प्रतिनिधित्व देकर मतदाताओं को रिझाने की कोशिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश से भाजपा तीन-चार मंत्रियों को जगह दे सकती है। एनडीए के सहयोगी पार्टी अपना दल की अनुप्रिया पटेल का नाम सबसे आगे है। अनुप्रिया पिछले महीने दिल्ली जाकर गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर चुकी हैं। इसके अलावा वरुण गांधी, रामशंकर कठेरिया, अनिल जैन, रीता बहुगुणा जोशी, जफर इस्लाम के नाम की भी चर्चाएं जोरों पर है।

मध्य प्रदेश :- मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया को मोदी कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। चूंकि राज्य में भाजपा की सरकार बनाने में सिंधिया ने काफी अहम रोल निभाया था। सिंधिया के अलावा जबलपुर से भाजपा सांसद राकेश सिंह को भी शामलि किया जा सकता है।

बिहार :- मोदी कैबिनेट में बिहार से सहयोगी दलों के कुछ सांसदों को जगह मिल सकती है। इसमें जेडीयू के आरसीपी सिंह और एलजेपी से पशुपति पारस का नाम आगे है। इसके अलावा बीजेपी के सुशील कुमार मोदी को भी शामिल किया जा सकता है।

महाराष्ट्र :- महाराष्ट्र से नारायण राणे, भूपेंद्र यादव, पूनम महाजन, हिना गावित और प्रीतम मुंडे को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

पश्चिम बंगाल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा में एक बड़ी जीत दर्ज कर पहली बार मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभाने वाली भाजपा के कुछ नेताओं को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। इसमें बीजेपी सांसद शान्तनु ठाकुर और निसिथ प्रामाणिक और जगन्नाथ सरकार के नाम आगे है।

ओडिशा :- मोदी कैबिनेट में ओडिशा से भी एक मंत्री बनाए जाने की संभावना है। यहां से अश्विनी वैष्णव का नाम आगे है।

असम :- मोदी कैबिनेट में असम से दो मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। इसमें असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल का नाम सबसे आगे है।

राजस्थान :- राजस्थान से भी मोदी कैबिनेट में एक मंत्री को शामिल किया जा सकता है। इसमें राहुल कासवान का नाम आगे चल रहा है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख :- मोदी कैबिनेट में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख (भाजपा सांसद जामयांग नामग्याल) से एक-एक मंत्री को जगह मिल सकती है।

उत्तराखंड :- बीते सप्ताह सीएम पद से इस्तीफा देने वाला उत्तराखंड की पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत को जगह मिल सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड से अजय भट्ट या अनिल बलूनी को भी शामिल किया जा सकता है।

दिल्ली :- दिल्ली से परवेश वर्मा या मीनाक्षी लेखी को मोदी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।

कर्नाटक:- मोदी कैबिनेट में कर्नाटक से प्रताप सिन्हा का नाम आगे चल रहा है।

हरियाणा :- हरियाणा से बृजेंद्र सिंह को जगह दी जा सकती है।

Updated on:
05 Jul 2021 04:06 pm
Published on:
05 Jul 2021 03:37 pm