
पुदुचेरी। देश की पहली महिला आईपीएस और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में उप राज्यपाल किरण बेदी को केंद्र सरकार ने बड़ा झटका दिया है। गृह मंत्रालय ने पुडुचेरी के मुख्य सचिव अश्विनी कुमार को किरण बेदी की शक्तियों को विकेंद्रित करने का निर्देश दिया है। केंद्र सरकार ने कहा है कि वह उप राज्यपाल किरण बेदी की वित्तीय शक्तियों को सचिवों, विभागों और कार्यालयों के प्रभारियों व मंत्रियों के बीच उचित अनुपात में वितरित कर दें।
राजनीतिक विश्लेशक केंद्र सरकार के इस कदम को उप राज्यपाल किरण बेदी को झटका मानकर चल रहे हैं।
माना जा रहा है कि इससे राज्य की कांग्रेस सरकार को लाभ मिलेगा। जानकारी के अनुसार गृह मंत्रालय में अंडर सेक्रटरी संजय कुमार ने पुडुचेरी के मुख्य सचिव को भेजे जवाब में यह स्वीकार किया है कि उप राज्यपाल की 'वित्तीय शक्तियां बहुत अधिक बढ़ गई हैं।' इसलिए इन शक्तियों का बंटवारा राज्य में सुशासन के हित में होगा। सेक्रटरी संजय कुमार के अनुसार इस बदलाव से सरकार को ठीक से शासन चलाने में सहायता मिलेगी।
आपको बता दें कि इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर अनुरोध किया था कि जनहित के उद्देश्यों की पूर्ति को ध्यान में रखते हुए उप राज्यपाल की वित्तीय शक्तियों को प्रशासनिक सचिवों, वित्त विभाग और मंत्रियों में बांट दिया जाए। केंद्र सरकार के इस कदम के बाद समझा जा रहा है कि राजनाथ सिंह ने नारायणसामी की मांग को मान लिया था। आपको बता दें कि केंद्र शासित राज्य पुडुचेरी में उप राज्यपाल किरण बेदी और कांग्रेस सरकार के संबंधों खटास है। पिछले दिनों किरण बेदी को कांग्रेस की ओर से जारी एक पोस्टर में पार्टी कार्यकर्ताओं करे 'हिटलर'' बताया था।