भोपाल

सूदखोरों से परेशान महिला ने खाया जहर, 1 लाख के कर्ज पर मांगे थे 10 लाख ब्याज

भोपाल में ही एक बार फिर सूदखोरों से तंग आकर एक महिला ने जहर खा लिया है। गंभीर हालत में महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

2 min read
सूदखोरों से परेशान महिला ने खाया जहर, 1 लाख के कर्ज पर मांगे थे 10 लाख ब्याज

भोपाल. पिछले दिनों राजधानी भोपाल में सूदखोरों से परेशान परिवार की आत्महत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि, भोपाल में ही एक बार फिर सूदखोरों से तंग आकर एक महिला ने जहर खा लिया है। फिलहाल, महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। इसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। ये स्थिति तब है जब प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद सूदखोरों के खिलाफ अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। आलम ये है कि, न तो जिम्मेदार ऐसे सूदखोरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई कर रहे हैं और न ही सूदखोर अपनी मनमानी करने से रुक रहे हैं। नतीजतन इन सूदखोरों के चंगुल में फंसे लोग आत्महत्या जैसा कदम भी उठाने को मजबूर हैं।

बताया जा रहा है कि, सूदखोरों से तंग आकर जिस महिला ने जहर खाकर जान देने का फैसला किया है, उसने इस मामले को लेकर थाने में भी शिकायत की थी। लेकिन, महिला के परिवार के लोगों का आरोप है कि, पुलिस ने उन सूदखोरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।


कमला नगर थाना इलाके में आने वाले नेहरू नगर में रहने वाली महिला ने सूदखोरों से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के बेटे का कहहना है कि, 7 साल पहले उसकी मां ने 2 महिलाओं से ब्याज पर 1 लाख रुपए लिए थे। अब वही सूदखोर महिलाएं उसकी मां से उस एक लाख रुपए के ब्याज के रूप में 10 लाख रुपए की मांग कर रही हैं। इसके लिए वो आए दिन मां को धमकी भी देती हैं।


पुलिस ने नहीं सुनी शिकायत

वहीं, पीड़िता के परिवार के सदस्यों का कहना है कि, महिला ने इस संबंध में कमलानगर थाना पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से ही नहीं लिया। जबकि, महिला ने पुलिस को अपनी शिकायत में कहा था कि, सूदखोर महिलाएं परेशान कर रही हैं। उसे धमका रही हैं। यहां तक की जान से मारने की धमकी भी दे चुकी हैं। बावजूद इसके पुलिस की ओर से उसे लौटा दिया गया। महिलाओं की प्रताड़ना से पीड़िता इतना तंग आ चुकी थी कि, उसने जान देकर इस सब से पीछा छुड़ाने का निर्णय ले लिया।


ACP ने थाना प्रभारियों को दिए सूची बनाने के निर्देश

इधर, मामला सामने आने के बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भोपाल सचिन अतुलकर में सभी थानों के थाना प्रभारियों को ऐसे लोगों की सूची बनाने के निर्देश दिए हैं, जो सूदखोरी का धंधा चलाते हैं। उन्होंने कहा कि, सूदखोरों के खिलाफ ये अभियान लगातार जारी रहेगा।


अभियान के नाम पर खानापूर्ति

याद हो कि, पिछले दिनों ही राजधानी भोपाल में एक परिवार के 5 सदस्यों ने सूदखोरों से तंग आकर आत्महत्या की है। उस दौरान ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सूदखोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। लेकिन, सीएम के निर्देश के बावजूद पुलिसिया कार्रवाई सुस्ती बरतती नजर आ रही है। इस मामले को ही अगर उदाहरण माना जाए तो अगर पुलिस समय रहते संबंधित सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई कर लेती तो अब महिला को इस तरह का आत्मघाती कदम नहीं उठाना पड़ता।

उर्फी जावेद के ये लुक्स देखकर आप भी रह जएंगे हैरान- देखें Video

Published on:
07 Jan 2022 08:24 pm
Also Read
View All