सिद्धू ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया, जिससे सनसनी मच गई है।
नई दिल्ली। पाकिस्तान दौरा से लौटने के बाद कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू एक के बाद एक कई बयान दे रहे हैं। अब उन्होंने एक बार फिर बड़ा बयान देकर सनसनी मचा दी है। सिद्धू ने कहा कि करतारपुर साहिब के लिए रास्ता संगत की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हैं और भारत सरकार को संगत की भावनाओं का सत्कार करते हुए रास्ते के लिए पाकिस्तान की सरकार से बातचीत करनी चाहिए।
डेरा बाबा नानक की भारत-पाक सीमा पर अचानक पहुंचे सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू शनिवार को डेरा बाबा नानक की भारत-पाक सीमा पर पहुंचे। सिद्धू ने डेरा बाबा नानक बार्डर के पास दर्शन स्थल पर दूरबीन के जरिये पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन किये और सरबत के भले के लिए अरदास की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अरदास में बहुत ताकत होती है। अरदास सच्चे मन से की जाये तो कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने कहा कि करतारपुर साहिब के लिए रास्ता संगत की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा है और भारत सरकार को भी चाहिए कि वह भी संगत की भावनाओं का सत्कार करते हुये करतारपुर साहिब के रास्ते के लिये पाकिस्तान की सरकार से बात करे।
इस मामले पर राजनीति की जरूरत नहीं- सिद्धू
इस दौरान पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धू ने पाकिस्तान के नए प्रधान मंत्री इमरान खान और फौज के मुखी की के रास्ते संबंधी सकारात्मक रवैये की प्रशंसा करते हुए कहा कि, अब भारत सरकार को भी चाहिए की इस मसले को लेकर वहां सरकार से बातचीत करे। उन्होंने कहा दोनों देशों की सहमति से ही इस मसले का हल निकल सकता है। सिद्धू ने यह भी कहा कि इस मसले पर राजनीतिक रोटियां सेकने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मसले पर राजनीति न की जाए,बल्कि सब मिलकर खुले दर्शन के लिए रास्ते को लेकर अरदास की जाए। सिद्धू के इस बयान से एक बार फिर राजनीति गरमा गई है।