राजनीति

मुजफ्फरपुर बालिका गृह रेप केस में नया खुलासा, प्रगति भारती बोली षडयंत्र के तहत गायब हुई एक लड़की

मुजफ्फरपुर बलिका गृह की 14 लड़कियों को दुष्‍कर्म का मामला प्रकाश में आने के बाद मधुबनी बालिका गृह शिफ्ट किया गया था।
2 min read
• •
Updated: 5 Aug 2018, 3:14 PM IST
pragati bharti
मुजफ्फरपुर बालिका गृह रेप केस में नया खुलासा, प्रगति भारती बोली षडयंत्र के तहत गायब हुई एक लड़की

नई दिल्‍ली। मुजफ्फरपुर बालिका गृह रेप केस में रोज नया खुलासा हो रहा है। शनिवार को जंतर-मंतर आरजेडी नेता तेजस्‍वी द्वारा इस मामले में धरना देने के बाद आज मधुबनी बालिका गृह की प्रगति भारती ने नया खुलासा किया है। उन्‍होंने बताया कि वैसे तो बालिका गृह पूरी तरह से सुरक्षित है, लेकिन यहां से एक लड़की या तो सुरक्षा कारणों से या षड़यंत्र के तहत गायब है। उन्‍होंने कहा कि इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की आवश्‍यकता नहीं है। आपको बता दें कि मुजफ्फरपुर बलिका गृह की 14 लड़कियों को दुष्‍कर्म का मामला प्रकाश में आने के बाद मधुबनी बालिका गृह शिफ्ट किया गया था।

छह अधिकारी निलंबित
इस मुद्दे को लेकर जंतर-मंतर पर विपक्षी एकता का प्रदर्शन होने के बाद रविवार को बिहार सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में बाल कल्याण संरक्षण निकाय के सहायक निदेशक को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा अररिया, मधुबनी, भोजपुर, भागलपुर और मुंगेर के सहायक निदेशकों को भी सस्पेंड किया गया है। ये कार्रवाई टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस (टिस) की रिपोर्ट के बाद राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने की है। सभी सहायक निदेशकों पर आरोप है कि उन्होंने टिस की रिपोर्ट के बावजूद बालिक गृह के लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। निलंबित होने वाले सहायक निदेशक अधिकारियों के नाम दिवेश कुमार शर्मा, घनश्याम रविदास, कुमार सत्यकाम, आलोक रंजन, गीताजंली प्रसाद, सीमाकुमारी हैं।

तेजस्‍वी का नीतीश सरकार पर हमला
शनिवार को जंतर- मंतर पर प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि मुजफ्फपुर की घटना से खून खौलता है। उन्होंने कहा कि आज हम दिल्ली इसलिए पहुंचे हैं कि हमारे चाचा यानी नीतीश कुमार की अंतरआत्मा नहीं जागी है। बालिका गृह की जो बच्ची दरिंदों के बारे में ज्यादा जानती थी, उसको सबसे पहले दूसरे शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया। नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि आज बिहार में जंगलराज नहीं, बल्कि राक्षस राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए। उन्‍होंने बताया कि मुजफ्फरपुर में 34 लड़कियों के साथ रेप लंबे अरसे से रेप होता रहा लेकिन चचा नीतीश सबकुछ जानते हुए भी नहीं जागे।

हथियार का लाइसेंस रद्द
एनजीओ सेवा संकल्प एवं विकास समिति के संचालक बृजेश ठाकुर के आर्म्स लाइसेंस को सरकार ने रद्द कर दिया है। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी मोहम्मद सोहेल ने बृजेश ठाकुर को जारी किए गए सभी हथियार को 48 घंटे के अंदर वापस जमा करने का आदेश दिया है। बृजेश ठाकुर के पास एक पिस्टल और एक राइफल का लाइसेंस हैं लेकिन जिलाधिकारी के फरमान के बाद उसे 2 दिनों के अंदर अपने दोनों हथियार सरकार को वापस जमा करना है। इस बलात्कार में बृजेश ठाकुर सहित नौ मुख्य आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

Published on: