19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / Maharashtra Politics: शिंदे की शिवसेना को झटका, BJP प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की मौजूदगी में दिग्गज नेता भाजपा में शामिल

Maharashtra Politics: शिंदे की शिवसेना को झटका, BJP प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की मौजूदगी में दिग्गज नेता भाजपा में शामिल

Shiv Sena: महाराष्ट्र के पालघर जिले की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। शिवसेना नेता श्रीनिवास वनगा ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 19 Nov 2026, 3:44 PM IST

Maharashtra Deputy CM Eknath Shinde

शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे (Photo: IANS/File)

Srinivas Vanga Joins BJP: महाराष्ट्र के पालघर जिले की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के पूर्व विधायक श्रीनिवास वनगा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की मौजूदगी में सांसद खेल महोत्सव के उद्घाटन समारोह के दौरान उनका पार्टी प्रवेश हुआ। श्रीनिवास वनगा के बीजेपी में शामिल होने से पालघर में शिंदे गुट को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है।

2019 में शिंदे गुट के साथ गए थे श्रीनिवास वनगा

श्रीनिवास वनगा पालघर की राजनीति में जाना-पहचाना नाम हैं। उनके पिता चिंतामण वनगा 2014 में पालघर से लोकसभा सांसद चुने गए थे। उनके आकस्मिक निधन के बाद हुए उपचुनाव में श्रीनिवास वनगा ने शिवसेना में प्रवेश किया और चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद शिवसेना ने उन्हें पालघर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया। 2019 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर वह विधायक बने। बाद में जब एकनाथ शिंदे ने शिवसेना से अलग होकर अपना गुट बनाया, तो श्रीनिवास वनगा ने भी शिंदे का साथ दिया था।

2024 में टिकट कटने के बाद पार्टी से नाराज थे वनगा

2024 के विधानसभा चुनाव में एकनाथ शिंदे गुट ने श्रीनिवास वनगा को टिकट नहीं दिया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की थी।

बताया जाता है कि टिकट कटने के बाद से ही वह पार्टी के मुख्य राजनीतिक प्रवाह से दूर होते चले गए थे। वह पार्टी के कार्यक्रमों में भी ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आते थे। यहां तक कि पार्टी के बैनर और कार्यक्रमों में भी उन्हें पहले जैसी जगह नहीं मिल रही थी।

पिछले कुछ महीनों से उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। आखिरकार गुरुवार को उन्होंने बीजेपी में प्रवेश कर इन अटकलों पर विराम लगा दिया।

'घर वापसी के लिए मेरा परिवार आतुर था'

बीजेपी में शामिल होने के बाद श्रीनिवास वनगा ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए इसे घर वापसी बताया। उन्होंने कहा कि वह और उनका परिवार लंबे समय से घर वापसी के लिए आतुर था।

उन्होंने अपने दिवंगत पिता चिंतामण वनगा को याद करते हुए कहा कि आज उनके पिता भी खुश होंगे। वनगा ने स्वीकार किया कि कुछ समय के लिए वह राजनीति में भटक गए थे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी पद या राजनीतिक अपेक्षा के बिना बीजेपी में शामिल हुए हैं। पार्टी में एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे और सभी सहयोगियों के साथ मिलकर संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।

रवींद्र चव्हाण ने किया पार्टी में स्वागत

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की प्रमुख मौजूदगी में श्रीनिवास वनगा का पार्टी में स्वागत किया गया। सांसद खेल महोत्सव के उद्घाटन समारोह के मंच पर हुए इस पार्टी प्रवेश को पालघर की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

वनगा के बीजेपी में आने से पालघर जिले में राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना है। खासकर शिंदे गुट के लिए यह झटका इसलिए अहम है, क्योंकि वनगा 2019 में इसी गुट के साथ खड़े हुए थे और अब उन्होंने बीजेपी का रुख कर लिया है।