
RSS ने बदला प्रचार का तरीका (फोटो सोर्स- AI)
रायपुर@संतराम साहू। RSS Gen Z Strategy:राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) बदलते दौर और नई पीढ़ी की पसंद को ध्यान में रखते हुए अपने प्रचार-प्रसार के तरीकों में बदलाव की तैयारी कर रहा है। खासतौर पर Gen-Z को संगठन की विचारधारा और गतिविधियों से जोड़ने के लिए संघ ने आधुनिक संचार माध्यमों पर फोकस बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके तहत पारंपरिक प्रचार के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और पॉडकास्ट को भी अहम माध्यम बनाया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, संघ की इस नई रणनीति के तहत प्रदेश स्तर पर अत्याधुनिक कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं। यहां से प्रचार-प्रसार की गतिविधियों को आधुनिक तकनीक के जरिए संचालित किया जाएगा। इन कार्यालयों में पॉडकास्ट रिकॉर्डिंग से लेकर सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने और उसे विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने के लिए विशेष टीम बनाने की योजना है। यह टीम युवाओं की रुचि और उनकी भाषा के अनुरूप संघ के विचारों, कार्यक्रमों और गतिविधियों को प्रस्तुत करेगी।
संघ की रणनीति में केवल डिजिटल माध्यम ही नहीं, बल्कि पारंपरिक शाखाओं को भी नई पीढ़ी के अनुकूल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। सुबह और शाम लगने वाली शाखाओं में स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की तैयारी है। इसके लिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें शाखाओं की गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, शाखाओं की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है।
सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म आज की युवा पीढ़ी के संवाद और जानकारी हासिल करने के प्रमुख माध्यम बन चुके हैं। ऐसे में संघ भी अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए इन माध्यमों का इस्तेमाल करना चाहता है। एक ओर शाखाओं के जरिए युवाओं से सीधे जुड़ाव पर जोर रहेगा, वहीं दूसरी ओर पॉडकास्ट और सोशल मीडिया के माध्यम से संघ से जुड़ी विचारधारा और गतिविधियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश होगी। यह कवायद बदलते समय के साथ संगठन की प्रचार कार्यशैली में आ रहे बदलाव का संकेत है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
19 Nov 2026, 3:29 PM IST
Published on:
19 Nov 2026, 3:20 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




