Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / CG Board Exam 2027: बोर्ड परीक्षा से पहले कमजोर छात्रों पर रहेगा विशेष ध्यान, तिमाही रिजल्ट से होगी पहचान
CG Board Exam 2027: बोर्ड परीक्षा से पहले कमजोर छात्रों पर रहेगा विशेष ध्यान, तिमाही रिजल्ट से होगी पहचान
CG Education News: छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा 2027 से पहले कमजोर विद्यार्थियों की पहचान तिमाही परीक्षा के नतीजों से की जाएगी। ऐसे छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं और विशेष तैयारी की व्यवस्था की जाएगी।
CG Board Exam 2027: बोर्ड परीक्षा से पहले कमजोर छात्रों पर रहेगा विशेष ध्यान(photo-AI)
CG Board Exam 2027: छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर शिक्षा विभाग ने अपनी कवायद तेज कर दी है। पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम दिलाने के लिए सरकार अब उनकी अतिरिक्त तैयारी कराएगी। इसके लिए पहले तिमाही परीक्षा के परिणामों के आधार पर ऐसे विद्यार्थियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद बोर्ड परीक्षा से पहले उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बुधवार को शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई और स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
Special Classes for Weak Students: तिमाही परीक्षा के नतीजों से होगी कमजोर बच्चों की पहचान
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तिमाही परीक्षा के परिणामों के आधार पर पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों की पहचान की जाए। ऐसे बच्चों के लिए विशेष तैयारी की व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी पढ़ाई में सुधार हो सके और वे बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इसके साथ ही स्कूलों में जल्द से जल्द पाठ्यक्रम पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।
सरकार की योजना है कि पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद बोर्ड परीक्षा से पहले कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय देकर पढ़ाया जाए। इसके लिए उनकी जरूरत के अनुसार विशेष तैयारी कराई जाएगी। शिक्षा विभाग का फोकस ऐसे विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति सुधारने और परीक्षा के लिए उन्हें बेहतर तरीके से तैयार करने पर रहेगा।
शिक्षकों की छुट्टी से प्रभावित न हो पढ़ाई
बैठक में शिक्षकों के अवकाश पर रहने से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा भी उठा। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी स्थिति में वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था बनाई जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सके।
शिक्षकविहीन और एकल शिक्षक वाले स्कूलों की होगी समीक्षा
समीक्षा बैठक में शिक्षकविहीन और एकल शिक्षक वाले स्कूलों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को ऐसे स्कूलों की जरूरत के अनुसार शिक्षकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इससे स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को नियमित अध्यापन की सुविधा देने में मदद मिलेगी।
पढ़ाई के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि उनका शारीरिक और मानसिक विकास भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने के निर्देश दिए।